होली और रमजान को लेकर देवरिया पुलिस प्रशासन सतर्क, पीस कमेटी की बैठक संपन्न

गौरव कुशवाहा
देवरिया: जनपद में आगामी होली और रमजान के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में मंगलवार को जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, व्यापारियों, स्थानीय राजनीतिक व्यक्तियों और दोनों समुदायों के धर्मगुरुओं ने भाग लिया।
कोतवाली थाना परिसर में हुई बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर श्रुति शर्मा, ईओ नगर पालिका, बिजली और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह मौजूद रहे। इसी क्रम में रुद्रपुर, भाटपार रानी, तरकुलवा, बरहज, सुरौली, बरियारपुर, श्रीरामपुर और मईल सहित सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों में भी बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में नागरिकों को शासन-प्रशासन के निर्देशों की जानकारी दी गई और त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य रूप से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी करने तथा यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से अपील की कि वे एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करें और अफवाहों से बचें। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के अपने पर्व मना सकें। पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और समाज में सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाएं।



