उत्तर प्रदेशदेवरियाबड़ी खबरराज्य
Trending

पट्टीदारों की रंजिश में कुदाल से वार कर महिला की हत्या, पुलिस ने भाई-बहन को दबोचा

दिल्ली में बेटियों का झगड़ा देवरिया में बना मौत का सबब; आलाकत्ल बरामद, एक फरार आरोपी की तलाश में दबिश

  • एसपी अभिजीत आर. शंकर ने कहा—जल्द सलाखों के पीछे होगा तीसरा आरोपी

देवरिया- थाना महुआडीह अंतर्गत ग्राम रामपुर बनहर में बुधवार की रात सगे पट्टीदारों के बीच हुआ मामूली विवाद हत्याकांड में तब्दील हो गया। छोटी बच्चियों के बीच दिल्ली में शुरू हुई कहासुनी ने देवरिया में खूनी रंजिश का रूप ले लिया, जिसमें हमलावरों ने कुदाल से वार कर अपने ही पट्टीदार उमेश विश्वकर्मा की पत्नी रविता देवी (45) की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राज विश्वकर्मा और उसकी बहन मोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
​पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के अनुसार, वारदात की जड़ें दिल्ली से जुड़ी हैं। मृतका और आरोपियों के परिवार की बेटियां दिल्ली में साथ रहकर काम करती हैं, जहां उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद की आग रामपुर बनहर गांव तक पहुंच गई और 15 अप्रैल की रात दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि राज विश्वकर्मा, उसके भाई हरेराम और बहन मोनी ने मिलकर रविता देवी पर हमला बोल दिया। इस दौरान राज ने रविता के सिर पर कुदाल से जोरदार प्रहार कर दिया। परिजन घायल अवस्था में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
​घटना के बाद फरार हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय और सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में टीमें गठित की थीं। शुक्रवार सुबह महुआडीह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खड़ाईच मोड़ के पास से राज विश्वकर्मा और मोनी विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य अभियुक्त राज की निशानदेही पर पुलिस ने लीलापुल सीएचसी के पास एक बगीचे से हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुदाल भी बरामद कर ली है।
​मृतका के बेटे शिव विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने राज, हरेराम और मोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2), 352 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए दोनों भाई-बहन को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि तीसरे आरोपी हरेराम विश्वकर्मा की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button