ISWA दुर्व्यवहार मामले में पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले फिरोज आलम ने मांगी माफी

संवाददाता ख्वाजा एक्सप्रेस

बरेली। ISWA कार्यक्रम से जुड़े कथित दुर्व्यवहार मामले में घटनाक्रम तेज हो गया है। प्रकरण में डॉ. अयूब अंसारी पर आरोप है कि उन्होंने 18 अप्रैल 2026 को मुस्लिम डॉक्टरों की संस्था ISWA के ईद मिलन कार्यक्रम के दौरान अपने साथी डॉक्टरों के साथ मिलकर एक महिला पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार किया और अनुचित तरीके से छुआ। मामला अब प्रशासन के संज्ञान में है और सूत्रों के अनुसार इस प्रकरण में कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इसी बीच, मामले से जुड़े एक अन्य पहलू में पीड़िता की पहचान उजागर कर वीडियो प्रसारित करने के आरोपों में घिरे यूट्यूबर एवं कथित पत्रकार फिरोज आलम बैकफुट पर आ गए हैं। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने लिखित रूप में माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात लिखते हुए माफी मांग ली है और संबंधित सामग्री हटाने की बात कही है। इसको लेकर अब उनका माफीनामा भी सामने आ गया है।
पीड़िता का आरोप है कि उसके खिलाफ तथ्य-विहीन और भ्रामक खबरें चलाकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया गया, साथ ही उसकी पहचान सार्वजनिक कर दी गई, जिससे उसकी गरिमा और सुरक्षा पर असर पड़ा, इसको लेकर पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली एवं महिला हेल्पलाइन 1090 पर कॉल कर कार्रवाई की मांग की थी। पीड़िता का कहना है कि जब शिकायत के बाद संभावित कार्रवाई का अंदेशा हुआ, तब फिरोज आलम ने माफी मांगी। महिला से दुर्व्यवहार मामले में पीड़िता की पहचान उजागर करना एक गंभीर अपराध है और इसमें कठोर सजा का भी प्रावधान है।



