देशबड़ी खबर

Japan PM India Visit : राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत, जानिए जापान की PM सनाए तकाइचीस की इस यात्रा के क्या है मायने

दिल्ली। जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची का बृहस्पतिवार को यहाँ राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में गर्मजोशी से औपचारिक स्वागत किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री तकाइची की यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा है।

सलामी मंच पर भव्य स्वागत

राष्ट्रपति भवन परिसर के प्रांगण में आयोजित भव्य समारोह के दौरान जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची सलामी मंच पर खड़ी हुईं, जहाँ प्रधानमंत्री मोदी उनके पास मौजूद थे। मेहमान प्रधानमंत्री के सम्मान में तीनों सेनाओं के मार्चिंग दस्ते और उनके पीछे बैंड के दस्ते ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़कर सलामी दी।

16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में होंगी शामिल

प्रधानमंत्री तकाइची, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष निमंत्रण पर 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए एक से तीन जुलाई तक भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। व्यापार, निवेश, रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और अधिक मजबूत करने के लिए दोनों प्रधानमंत्री बृहस्पतिवार को यहाँ ‘हैदराबाद हाउस’ में उच्च स्तरीय वार्ता करेंगे।

औपचारिक स्वागत समारोह के संपन्न होने के बाद, प्रधानमंत्री तकाइची ने पीएम मोदी के साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्रिमंडल के अन्य वरिष्ठ सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान कई केंद्रीय मंत्रियों ने हाथ जोड़कर तकाइची का अभिवादन किया, जिसका उन्होंने भी सहर्ष हाथ जोड़कर जवाब दिया। इसके बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और मीडिया के सामने तस्वीरें खिंचवाईं।

सोशल मीडिया पर दिखी खास बॉन्डिंग

तीन दिवसीय यात्रा पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद जापान की प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपने आगमन की तस्वीरें साझा की थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी इस पोस्ट को री-शेयर करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री सनाए तकाइची, भारत में आपका हार्दिक स्वागत है। आपकी पहली भारत यात्रा पर आपकी मेजबानी करके हमें बहुत प्रसन्नता हो रही है। मैं कल आपके साथ विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा को लेकर उत्सुक हूं, जिससे भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी और मजबूत होगी। हम अपने संयुक्त प्रयासों के जरिये हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उसके बाहर शांति, स्थिरता एवं समृद्धि को आगे बढ़ाना जारी रखेंगे।”

कूटनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण यात्रा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को इस दौरे पर बात करते हुए कहा था कि यह यात्रा भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक “महत्वपूर्ण कदम” है। मंत्रालय के अनुसार, यह शिखर सम्मेलन दोनों पक्षों को द्विपक्षीय सहयोग के सभी आयामों की बारीकी से समीक्षा करने और उन्हें पहले से अधिक मजबूत बनाने का मौका देगा। इसके साथ ही दोनों नेता साझा हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button