देशबड़ी खबर

Jharkhand Protest : JPSC-JSSC परीक्षा विवाद पर छात्रों का हल्लाबोल, 8वीं बैरिकेडिंग तोड़ी; वाटर कैनन के बीच विधानसभा की ओर बढ़ा मार्च

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को भी जारी है। विधानसभा घेराव के लिए निकले हजारों छात्रों ने पुलिस की आठवीं बैरिकेडिंग भी पार कर ली। इसके बाद प्रदर्शनकारी कई समूहों में बंट गए और विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है। वाटर कैनन की बौछार के बावजूद प्रदर्शनकारियों के तेवर नरम नहीं पड़े। कई छात्र पानी की तेज धार के बीच खड़े होकर नारेबाजी करते और झूमते नजर आए। प्रदर्शन स्थल पर पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

वाटर कैनन के बीच भी जारी रही नारेबाजी

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जब वाटर कैनन चलाया तो छात्र पीछे हटने के बजाय पानी की बौछारों के बीच भी नारेबाजी करते रहे। कई प्रदर्शनकारी वाटर कैनन की तेज धार के बीच खड़े दिखाई दिए। पुलिस और प्रशासन की ओर से छात्रों से आगे नहीं बढ़ने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की जा रही है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

एक के बाद एक पार कीं आठ बैरिकेडिंग

आठवीं बैरिकेडिंग पार करने के बाद छात्रों का समूह कई हिस्सों में बंट गया। कुछ प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी है। इससे पहले छात्रों ने पुराने विधानसभा परिसर के पास पहला बैरिकेड तोड़ा था। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने लगातार आगे बढ़ते हुए एक के बाद एक कई बैरिकेड पार किए।

24 जिलों से रांची पहुंचे हजारों छात्र

आंदोलन में शामिल होने के लिए झारखंड के 24 जिलों से हजारों छात्र रांची पहुंचे हैं। छात्र हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा समेत विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं।

तीसरे दौर की वार्ता भी रही बेनतीजा

छात्रों की मांगों को लेकर रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता हुई थी, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। इसके बाद छात्र संगठनों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया। सोमवार सुबह से ही रांची के अलग-अलग इलाकों में छात्रों की भीड़ जुटने लगी थी। राज्य के विभिन्न जिलों से छात्र बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से राजधानी पहुंचे। बड़ी संख्या में छात्रों ने रविवार रात जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और आसपास के इलाकों में रात गुजारी।

आंदोलन के बीच भाजपा ने भी किया मुख्यमंत्री आवास का घेराव

छात्रों के आंदोलन के बीच भाजपा ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में भाजपा विधायकों की बैठक के बाद विधायक और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। करीब 9:45 बजे हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बाबूलाल मरांडी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के आसपास कड़ी सुरक्षा

राजधानी रांची में विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारी विधानसभा परिसर तक न पहुंच सकें। वहीं छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और लगातार आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button