देशबड़ी खबर

Lok Sabha Election 2024: बिहार में भाजपा 17, जदयू 16 सीटों पर लडे़गी चुनाव, NDA में सीटों का हुआ बंटवारा

नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों के लिए बिहार में 40 सीटों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सदस्य दलों में सीटों का बंटवारा हो गया है जिसके अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 16, लोक जनशक्ति पार्टी -रामविलास (लोजपा) 05, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक मोर्चा (रालोमो) एक -एक सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में पार्टी में बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े, जदयू के राष्ट्रीय महामंत्री संजय कुमार झा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और हम के प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने एक संवाददाता सम्मेलन में एक साथ इसका ऐलान किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राजग को 400 पार पहुंचाने के संकल्प को पूरा करने के लिए बिहार की सभी 40 सीटें जीत कर देने का इरादा व्यक्त किया।

सभी नेताओं ने सीट बंटवारे पर संतोष व्यक्त किया। श्री तावड़े ने कहा कि बिहार में राजग के पांच सदस्य दल -भाजपा, जदयू, लोजपा, हम एवं रालोमो के चुनाव चिह्नों पर राजग के रूप में एक साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव चिह्न भले ही अलग हों लेकिन सभी पांचों दल एक साथ सभी 40 सीटों पर ताकत लगाएंगे और जीत कर आएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा 17 सीटों पर, जदयू 16 सीटों पर, लोजपा पांच सीटों पर तथा हम एवं रालोमो एक एक सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा महासचिव ने कहा कि भाजपा जिन सीटों पर लड़ेगी, वे हैं -पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, औरंगाबाद, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, मुज़फ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, उजियारपुर, बेगूसराय, नवादा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर एवं सासाराम।

जदयू जिन सीटों पर लड़ेगी, वे हैं – वाल्मीकिनगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, जहानाबाद एवं शिवहर। लोजपा को वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया एवं जमुई सीटें मिलीं हैं। हम को गया और रालोमो को काराकाट सीट दी गयी है। इससे पहले भाजपा के कोर समूह की बैठक में सीटों के बारे में मुहर लगायी गयी। आशा है कि जल्दी ही उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button