
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि, कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर को भारत रत्न देने से रोका था. बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाह ने कहा कि, सच सामने आया तो कांग्रेस ने भ्रम फैलाया.बता दें कि, आंबेडकर को लेकर विपक्ष बीजेपी पर हमलावर है.
अमित शाह ने कहा कि, कांग्रेस ने अपने नेताओं को भारत रत्न दिया. उन्होंने कहा कि, कांग्रेस आरक्षण विरोधी पार्टी है. उन्होंने कहा कि, आंबेडकर के मुद्दे पर बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया.
मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा दिए गए भाषण के बाद से संसद में सियासत तेज हो गई है. अमित शाह के भाषण के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दल के नेताओं ने जमकर हंगामा किया. विपक्ष का आरोप है कि गृह मंत्री ने अपने भाषण में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है.
क्या कहा था गृह मंत्री अमित शाह ने
बता दें कि संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर राज्यसभा में बहस का जवाब देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को आंबेडकर को लेकर एक बयान दिया था. शाह ने कहा था कि आजकल आंबेडकर को लेकर एक फैशन सा चल पड़ा है, विपक्षी पार्टियां और उनके नेता आंबेडकर-आंबेडकर चिल्लाते रहते हैं …अगर इतनी बार भगवान का नाम लिया होता, तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिलता. उनके इसी बयान की कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों ने आलोचना की है.



