
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और उन्हें ईद की बधाई दी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में जारी संकट को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने बताया, मैंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।
हमने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए सभी हमलों की भारत की ओर से कड़ी निंदा दोहराई, जिनमें निर्दोष लोगों की जान गई और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। हम होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के महत्व पर सहमत हुए। हम क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।



