
उत्तराखंड की धरती एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों से कांप उठी है। शनिवार रात करीब 8:07 बजे जिला मुख्यालय उत्तरकाशी समेत आसपास के पूरे सीमांत क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। झटके लगते ही लोग दहशत में आ गए और सुरक्षा के लिए घरों से बाहर खुले मैदान की ओर दौड़ पड़े। देवभूमि में पिछले चार दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी भूकंपीय हलचल है, जिसने स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है।
चार दिनों में दूसरी बार डोली धरती
इससे पहले बीते मंगलवार की रात करीब 10:23 बजे भी उत्तराखंड के कई हिस्सों में तीव्र भूकंप आया था। रिक्टर स्केल पर उस भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई थी, जिसका मुख्य केंद्र बागेश्वर जिला रहा था। चार दिनों के भीतर लगातार आ रहे इन झटकों से पहाड़ी क्षेत्रों में भूगर्भीय संवेदनशीलता को लेकर एक बार फिर डर का माहौल बन गया है।



