
पटना: जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की है। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि रियलिटी शो ‘Rise and Fall 2’ में काम करके लौटने के बाद से मेरी लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह जहां भी जाते हैं भीड़ उन्हें चारों तरफ से घेर लेती है। ऐसे में उनकी सुरक्षा को खतरा बना रहता है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनकी सुरक्षा में सिर्फ एक सुरक्षाकर्मी तैनात रहता है, उसकी भी सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। तेज प्रताप ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराए जाने की अपील की।
‘लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई’
तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, “रियलिटी शो ‘Rise and Fall 2’ में काम करके लौटने के बाद से मेरी लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई है। आज मैं जहां भी जाता हूं, वहां बड़ी संख्या में लोग मुझसे मिलने और मेरे साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए एकत्रित हो जाते हैं। कई बार भारी भीड़ मुझे चारों तरफ से घेर लेती है, जिससे मेरी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है। यह अत्यंत चिंताजनक विषय है कि वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा मुझे केवल एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया गया है। लेकिन जिस तरह से सार्वजनिक स्थानों पर भारी भीड़ मुझे चारों तरफ से घेर लेती है, उससे न केवल मेरी सुरक्षा को खतरा है, बल्कि मेरे साथ तैनात एकमात्र सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।”
सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
उन्होंने आगे लिखा, “ऐसी परिस्थितियों में आशंका है कि भीड़ मेरे सुरक्षाकर्मी को भी घेर सकती है, उसके साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है अथवा उसका सरकारी हथियार छीनने जैसी गंभीर घटना भी हो सकती है। ऐसी स्थिति में मेरी और मेरे सुरक्षाकर्मी दोनों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। मैं इस संबंध में केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार को कई बार मौखिक रूप से अवगत करा चुका हूं। इसके अतिरिक्त, पत्र के माध्यम से भी अपनी सुरक्षा को लेकर अनुरोध कर चुका हूं, लेकिन अभी तक मेरी सुरक्षा व्यवस्था में कोई आवश्यक वृद्धि नहीं की गई है।”
सरकार से की पर्याप्त सुरक्षा दिलाने की मांग
तेज प्रताप ने लिखा, “मैं सरकार से पुनः पूछना चाहता हूं कि यदि भविष्य में मेरे साथ अथवा मेरे सुरक्षाकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या सरकार किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है? मैं केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार से पुनः आग्रह करता हूं कि मेरी वर्तमान लोकप्रियता, सार्वजनिक कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा संबंधी गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए इस मामले को तत्काल संज्ञान में लिया जाए तथा मुझे पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। मेरी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। मैं सरकार से किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि अपनी और अपने सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था की मांग कर रहा हूँ। इस विषय पर सरकार तत्काल गंभीरता से विचार करे।”



