पंजाबराज्य

भारतीय हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जालंधर में दर्शकों के उत्साह को बताया बेमिसाल

हरमनप्रीत सिंह कहा- अपने घरेलू मैदान पर खेलना बेहद रोमांचक अनुभव

जालंधर, 1 नवंबर: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने आज कहा कि पंजाब में अपने घर के निकट, परिवार के सदस्यों और खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों के सामने खेलना पूरी टीम के लिए शानदार और भावनात्मक अनुभव है। जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में आयोजित हो रही ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ के दौरान ‘सरपंच’ के नाम से मशहूर हरमनप्रीत ने कहा कि पंजाब में पहली बार इतने बड़े स्तर के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी करना गर्व की बात है।

उन्होंने कहा, “दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में लोगों का उत्साह बेमिसाल है। इससे टीम का मनोबल और बढ़ता है। मैंने हॉकी की शुरुआत यहीं से की थी और उसी मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। आसपास बैठे खिलाड़ियों के परिवारों की मौजूदगी इस अनुभव को और भी खास बना देती है।”

टीम के प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में दो बार कांस्य पदक जीतने वाले हरमनप्रीत ने कहा कि टीम बहुत अच्छी तैयारी कर रही है। जापान के खिलाफ कड़े मुकाबले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे मैच बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और खिलाड़ियों के धैर्य की परीक्षा लेते हैं।

उन्होंने कहा, “हमने शुरुआती तीन क्वार्टर में शांत और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। हम कोई गोल नहीं कर सके, लेकिन विपक्षी टीम को भी गोल नहीं करने दिया। अंतिम क्वार्टर में हमने खेल की गति बढ़ा दी। सबसे महत्वपूर्ण बात मानसिक रूप से मजबूत बने रहना और मैच के पूरे 60 मिनट तक अपना ध्यान केंद्रित रखना है।”

मलेशिया के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले का उल्लेख करते हुए हांगझोऊ और आइची-नागोया एशियाई खेलों में दो बार स्वर्ण पदक जीतने वाले हरमनप्रीत ने कहा कि यह मुकाबला तय करेगा कि पूल में शीर्ष स्थान पर कौन रहेगा, क्योंकि दोनों टीमें अब तक तीन-तीन मैच जीत चुकी हैं।

उन्होंने कहा, “हर टीम अच्छी है। किसी भी टीम ने अपनी रणनीति में बहुत अधिक बदलाव नहीं किया है। हमारा ध्यान इस बात पर है कि हम क्या कर सकते हैं और क्या हासिल करने में सक्षम हैं। विपक्षी टीम के बारे में जानकारी रखना बहुत जरूरी है। मलेशिया के खिलाफ पिछले 10 मुकाबलों में से प्रत्येक से हमें कुछ न कुछ सीखने को मिलता है।” कप्तान ने आगे बताया कि उनके दोस्त उन्हें खचाखच भरे स्टेडियम और बाहर इंतजार कर रहे बड़ी संख्या में लोगों के वीडियो भेज रहे हैं। यह पंजाब के लोगों के हॉकी के प्रति गहरे प्रेम का स्पष्ट प्रमाण है।

पंजाब पुलिस में डीएसपी के पद पर सेवाएं दे रहे हरमनप्रीत ने हॉकी प्रशंसकों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की अपील की। उन्होंने लोगों को अपने परिवारों और बच्चों के साथ आकर राष्ट्रीय टीम का उत्साह बढ़ाने का निमंत्रण दिया। पंजाबी भाषा में दिए अपने संदेश में उन्होंने लोगों से घरेलू मैदान पर भारतीय टीम का हौसला बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को भी खेलों से जुड़ने और खेलों में अपना भविष्य बनाने की प्रेरणा मिलेगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button