दिल्ली के विवेक विहार में LPG सिलेंडर ब्लास्ट, पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलसे, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में LPG सिलेंडर में ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। घटना झुग्गी नंबर-11, विवेक विहार थाने के पीछे की बताई जा रही है। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए।
मौके पर मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, झुग्गी में रखे छोटे LPG सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 35 वर्षीय अनिल दास और उनकी 30 वर्षीय पत्नी खुशबू गंभीर रूप से झुलस गए।
पति-पत्नी 60 प्रतिशत झुलसे
दोनों को PCR की मदद से तत्काल राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों करीब 60 प्रतिशत तक झुलसे हैं।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 2 वाटर टेंडर और 1 वॉटर बॉजर यूनिट को घटनास्थल पर भेजा गया।
आखिर किन वजहों से हुआ ब्लास्ट? जांच शुरू
फिलहाल LPG सिलेंडर में ब्लास्ट किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।



