देशबड़ी खबर

खरगे के PM मोदी के पिता पर विवादित बयान से हंगामा, BJP से आए रिएक्शन, शाह बोले- “सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से बिहार के पटना में पीएम मोदी के पिता पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बीजेपी की तरफ से रिएक्शन सामने आने लगे हैं। बीजेपी ने खरगे के बयान को गुंडों वाली भाषा बताया है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम बड़े नेताओं ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

बीजेपी ने क्या कहा?

बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं। इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।”

बीजेपी ने कहा, “वैसे, खरगे जी के बयान वाले ख़्वाब को पूरा करने के लिए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्षा ने दस साल तक हर पैंतरा चला, लेकिन कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। आज उनका बेटा इसी ख़्वाब को पूरा करने के लिए कभी वियतनाम, तो कभी कोलंबिया के बीच दर-दर भटक रहा है। देश की जनता आपका यह ख़्वाब कभी पूरा नहीं होने देगी!”

अमित शाह ने कहा?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।”

शाह ने कहा, “यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।”

शाह ने कहा, “बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।”

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने क्या कहा?

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, “आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।”

नितिन नवीन ने कहा, “राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली ‘संस्कार’ बन चुका है। यह खड़गे जी का व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की शिष्टाचार-विहीन सोच का प्रकटीकरण है।”

नितिन नवीन ने कहा, “जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं। देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।”

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button