‘मॉनसून सेशन से पहले शिंदे की शिवसेना में शामिल होंगे 7 सांसद, जल्द दिखेगा ऑपरेशन टाइगर’, पूर्व MP का बड़ा दावा

महाराष्ट्र में राजनीतिक अटकलें तेज हो चुकी है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी के 7 लोकसभा सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने वाले हैं। इन चर्चाओं के बीच शिवसेना शिंदे के नेता और पूर्व सांसद एवं विधायक कृपालु माने ने बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि मॉनसून सेशन से पहले एकनाथ शिंदे की शिवसेना पार्टी में 7 सांसदों का प्रवेश जल्द होगा। कृपालु माने ने कहा है कि लोगों को ऑपरेशन टाइगर जल्द दिखेगा। इसके साथ ही कृपालु माने ने कहा है कि राज्य में सांसदों के ऑपरेशन टाइगर के बाद ऑपरेशन टाइगर विधायक भी होगा। 16 विधायक एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं।
कृपालु माने ने कहा-“शिवसेना शिंदे का ऑपरेशन टाइगर जल्दी लोगों को दिखेगा। जिस तरीके से ऑपरेशन से पहले पूरी जांच की जाती है, उसी तरीके से ऑपरेशन टाइगर से पहले सभी इन्वेस्टिगेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही ऑपरेशन टाइगर हो जाएगा। इसके मुख्य डॉक्टर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री डॉक्टर एकनाथ शिंदे जी हैं। उद्धव ठाकरे ने कल जो बैठक बुलाई थी उसमें से पांच सांसद नदारद थे। दो सांसद जो वहां पर थे वह शिंदे जी के संपर्क में हैं।”



