देश

PM मोदी 26 फरवरी को 550 अमृत भारत स्टेशनों की रखेंगे आधारशिला

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 फरवरी को 40,000 करोड़ रुपये की लागत से ‘रूफ प्लाजा’ और सिटी सेंटर विकसित करके रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं में सुधार के लिए 550 अमृत भारत स्टेशनों की आधारशिला रखेंगे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री एक समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों में सड़कों पर लगभग 1,500 ओवरब्रिज और अंडरब्रिज की आधारशिला भी रखेंगे। समारोह में 2,000 से अधिक रेलवे स्टेशनों को डिजिटल माध्यम से शामिल होंगे। प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के जरिए समारोह में शामिल होंगे। इस समारोह के दौरान लगभग 50,000 स्कूली छात्रों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।

इन छात्रों ने भारतीय रेलवे द्वारा 4,000 स्कूलों में आयोजित ‘2047-विकसित भारत की रेलव’ विषय पर भाषण, निबंध और कविता लेखन प्रतियोगिताओं में भाग लिया था। लगभग चार लाख छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया था और समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधकों और वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों द्वारा लगभग 50,000 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे के स्टेशनों को विकसित करने के लिए शुरू की गई थी। ‘रूफ प्लाजा’ की परिकल्पना स्टेशनों की छत या ऊपरी हिस्सों में फूड कोर्ट, छोटे बच्चों के खेलने के लिए छोटी-सी जगह और स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए एक स्थान के रूप में विकसित करने के रूप में की गई है।

इसमें स्टेशनों तक पहुंच, प्रतीक्षालयों, शौचालयों, लिफ्ट या एस्केलेटरों में सुधार, स्वच्छता, मुफ्त वाईफाई, ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों के लिए कियोस्क, बेहतर यात्री सूचना प्रणाली के माध्यम से स्टेशनों पर सुविधाओं में सुधार के लिए मास्टर प्लान तैयार करना और चरणों में उनका कार्यान्वयन शामिल है।

इस योजना में प्रत्येक स्टेशन पर आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कार्यकारी लाउंज और व्यावसायिक बैठकों के विशिष्ट स्थान का निर्माण भी शामिल है। इसमें भवनों के सुधार, स्टेशनों को शहरों के दोनों ओर एकीकृत करने, मल्टीमॉडल एकीकरण, विकलांग व्यक्तियों के लिए सुविधाएं, गिट्टी रहित पटरियों के प्रावधान, आवश्यकता के अनुसार रूफ प्लाजा, चरणबद्धता और व्यवहार्यता और दीर्घावधि में स्टेशन पर सिटी सेंटर के निर्माण की परिकल्पना की गई है।

इस योजना में निधियों की उपलब्धता और मौजूदा परिसंपत्तियों की स्थिति के अनुसार सतत और पर्यावरण अनुकूल समाधानों के लिए क्रमिक बदलाव की परिकल्पना की गई है। सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए, इसमें सड़कों को चौड़ा करने, अवांछित संरचनाओं को हटाने, ठीक से डिजाइन किए गए संकेतक, समर्पित पैदल रास्ते, सुनियोजित पार्किंग क्षेत्र और बेहतर प्रकाश व्यवस्था का भी प्रस्ताव है।

इस योजना के तहत सभी श्रेणी के स्टेशनों पर उच्च स्तरीय प्लेटफार्म (760 से 840 मिलीमीटर) की परिकल्पना की गई है। योजना के अनुसार, प्लेटफार्मों की लंबाई आम तौर पर 600 मीटर होगी। जोनल रेलवे और प्रमुख शहरों और कस्बों में स्थित स्टेशनों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अब तक 1,318 स्टेशनों का चयन किया गया है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button