PM मोदी का गुजरात दौरा : किसानों को मिलेंगे 19 हजार करोड़, 14 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 24वीं किस्त के रूप में देशभर के किसानों के लिए करीब 19 हजार करोड़ रुपये जारी करेंगे। दौरे के दौरान कृषि, पशुपालन, रेल, सड़क, मेट्रो और पर्यटन से जुड़ी कई परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया जाएगा।
पशुपालन को बढ़ावा देगा विशेष ब्रीडिंग सेंटर
प्रधानमंत्री शुक्रवार को बनासकांठा के भिलड़ी में बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर को देश को समर्पित करेंगे। 127 एकड़ में विकसित इस केंद्र का उद्देश्य पशुओं की नस्ल सुधार और प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा देना है। यह कांकरेज नस्ल के पशुओं के लिए देश का पहला विशेष केंद्र होगा। इसके अलावा थराद और राधनपुर में बानस डेयरी के दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखी जाएगी।
अहमदाबाद मेट्रो और हाईवे के विस्तार की तैयारी
प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए के तहत एयरपोर्ट और फेज-2बी के तहत गिफ्ट सिटी तक विस्तार की आधारशिला रखेंगे। अहमदाबाद-मेहसाणा राजमार्ग को चार लेन से आठ लेन करने की परियोजना भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों का शिलान्यास
गुजरात में बच्चों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों का शिलान्यास किया जाएगा, जबकि 361 केंद्रों का उद्घाटन होगा। कृषि क्षेत्र में 4,950 करोड़ रुपये की लागत वाली 521 परियोजनाएं भी देश को समर्पित की जाएंगी। पीएम-किसान की 24वीं किस्त जारी करने के साथ बागवानी से जुड़ी 12 स्वीकृत परियोजनाओं का जमीनी स्तर पर काम शुरू होगा। इन परियोजनाओं से करीब 1.3 लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस
प्रधानमंत्री शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले वह स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इनमें जल एवं सीवेज उपचार संयंत्र, नर्मदा घाट का उन्नयन, आईआरसीटीसी होटल और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
भारत पर्व में दिखेगी देश की सांस्कृतिक विविधता
प्रधानमंत्री शुक्रवार को भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन 15 नवंबर तक चलेगा। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की संस्कृति, लोककलाओं, खानपान, हस्तशिल्प और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रधानमंत्री एकता प्रकाश पर्व भी देखेंगे। इसके तहत 530 मीटर लंबी वैली ऑफ फ्लावर्स रोड और 180 मीटर लंबी ग्लो टनल को रोशनी से सजाया गया है। इन प्रदर्शनों में 1.5 करोड़ से अधिक एलईडी लाइटों के इस्तेमाल का उल्लेख किया गया है।
‘नक्सल मुक्त भारत’ की झलक दिखाएगी राष्ट्रीय एकता दिवस परेड
राष्ट्रीय एकता दिवस की परेड में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की उपलब्धियों और प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा तथा विकास की दिशा में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसमें वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार हिस्सा लेंगे।
इस वर्ष समारोह की मुख्य थीम ‘वंदे मातरम्’ होगी। इसके तहत देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक विविधता पर आधारित झांकियां तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। देशभर के करीब 5,000 कलाकार भारतीय शास्त्रीय एवं लोक कलाओं, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे।



