पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक शुरू, क्या है बैठक का एजेंडा?

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। इस उच्च-स्तरीय बैठक में केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों और राज्य मंत्रियों भी शामिल हैं। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब ऊर्जा सुरक्षा को लेकर वैश्विक चिंताएं बढ़ रही हैं और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
क्या है बैठक का एजेंडा?
बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज, उनके द्वारा लिए गए अहम फैसलों और उनके नतीजों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, आने वाले महीनों के लिए प्राथमिकताओं और सुधार के उपायों पर भी बात होगी। सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के विभिन्न पहलुओं, उन्हें अधिकतम सफलता के साथ कैसे लागू किया जाए और अन्य विषयों की भी समीक्षा होने की उम्मीद है। इससे पहले, सभी मंत्रालयों ने कैबिनेट सचिवालय को पिछले दो वर्षों में किए गए सुधार उपायों का विवरण सौंपा था। सभी मंत्रालयों से पिछले 12 वर्षों के दौरान लागू की गई सफल योजनाओं की एक सूची भी जमा करने को कहा गया है।



