
मुंबई/करजत: रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं चेयरपर्सन नीता एम. अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन की निदेशक ईशा अंबानी ने मुंबई के निकट करजत में प्रस्तावित ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ के भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह के दौरान स्मृति पट्टिका का अनावरण किया।
100 एकड़ में विकसित होने वाला यह विशाल आवासीय परिसर लगभग 5,000 लोगों को जीवनभर के लिए स्नेह, सुरक्षा और सम्मान से भरा घर उपलब्ध कराएगा। इसमें अनाथ बच्चे, वरिष्ठ नागरिक और विकासात्मक दिव्यांगता वाले व्यक्ति शामिल होंगे।
इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य ऐसे लोगों को केवल आश्रय देना ही नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर जीवन जीने के लिए विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं, आधुनिक देखभाल सुविधाएं और विकास के अवसर प्रदान करना है।
‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ एक ऐसा संवेदनशील और समावेशी समुदाय विकसित करने की परिकल्पना है, जहां हर व्यक्ति को अपनापन, गरिमा, सम्मान और जीवन में उद्देश्य के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले।
यह पहल समाज के वंचित और विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले वर्गों के लिए एक सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और सम्मानजनक भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



