
पटियाला। पंजाब के अमृतसर के पास शुक्रवार को एक हादसा हो गया। बता दें कि पटियाला में सराय वंजारा गांव के पास कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गयी। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन को राजपुरा से 15 km दूर बसंतपुरा स्टेशन के पास रोक दिया गया घटना उस समय हुई, जब ट्रेन राजपुरा पहुंची थी। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकल आए।
लगभग दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस (अमृतसर – न्यू जलपाईगुड़ी) के इंजन से पांचवें कोच में आग लग गई है, गाड़ी को तुरंत सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास मध्य सरहिंद -राजपुरा के बीच रोक दिया गया, जिसके बाद आग बुझाने की कोशिश की गई।
मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सामने आए वीडियो में घटनास्थल से काफी दूर तक धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। आग लगने की खबर से यात्रियों में भय का माहौल पैदा हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन की ओर से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी और जांच रिपोर्ट का इंतजार है। आग से हुए नुकसान और किसी यात्री के हताहत होने की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
कैसे हुआ हादसा
पंजाब के राजपुरा में सराय बंजारा के पास शुक्रवार को अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के डिब्बों से धुआं निकलता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर ट्रेन को राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के इंजन से पांचवें डिब्बे तक धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद रेलवे प्रशासन को घटना की सूचना दी गई और अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को सतर्क किया गया। बताया जा रहा है कि सराय बंजारा क्षेत्र के पास ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। कई यात्रियों ने अपना सामान लेकर डिब्बों से बाहर निकलने की कोशिश की। कुछ यात्रियों के आग की चपेट में आने की भी सूचना है।
भाजपा नेता ने जताई चिंता, बोले-सभी यात्री सुरक्षित हों
इस घटना पर भाजपा नेता तरुण चुग ने भी चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में आग लगने की खबर विचलित करने वाली है। उन्होंने लिखा, “मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी यात्री सुरक्षित हों और किसी प्रकार की जनहानि न हुई हो। राहत एवं बचाव कार्य में जुटे सभी कर्मियों की सुरक्षा की भी कामना करता हूं। ईश्वर सभी की रक्षा करें।” फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी जैसी आशंकाओं की पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी। आग से हुए नुकसान और यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



