समाजवादी सरकार बनने पर वाराणसी में कराएंगे मेट्रो का निर्माण : अखिलेश यादव

वाराणसी। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो रेल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह बनारस के लोगों को यह भरोसा दिलाना चाहते हैं कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर शहर को मेट्रो की सौगात मिलेगी।
मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे अखिलेश यादव डाफी-लंका स्थित पार्टी के दिवंगत पदाधिकारी राजेश यादव नत्थू के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने राजेश यादव की पत्नी चंदा यादव से बातचीत कर परिवार को ढांढ़स बंधाया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने भावुक होकर कहा कि हमने एक सच्चा सिपाही खोया है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस दौरान नारेबाजी कर उनका स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में सपा की जीत का उल्लेख करते हुए इसे बाबा विश्वनाथ का दोहरा आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ ने आशुतोष सिन्हा को जिताया और लाल बिहारी यादव की जीत भी सुनिश्चित कराई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपनी जीत का कोई अहंकार नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग डबल इंजन सरकार और डबल रफ्तार विकास के दावे करते थे, उन्हें जनता ने पूरी तरह नकार दिया है और अब उन्हें दोहरी हार का सामना करना पड़ा है।
भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार के जाने के बाद ही बनारस शहर मुस्कराएगा। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और वाराणसी में गंदगी की समस्या को लेकर भी सरकार की आलोचना की। अखिलेश यादव ने रोपवे और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए किसानों की समस्याओं पर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के हटने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर नौजवानों, किसानों सहित समाज के सभी वर्गों के हित में काम किया जाएगा। इस दौरान पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, मनोज राय धूपचंडी, नवनिर्वाचित एमएलसी (स्नातक) आशुतोष सिन्हा समेत पार्टी के वरिष्ठ एवं स्थानीय नेता मौजूद रहे।



