उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

‘हनुमान अंश’ से बड़ी बाबा की लोकप्रियता, यूपीएसटीडीसी ने शुरू किया तीन दिवसीय टूर

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की यात्रा के लिए तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान के तहत शुरू किया गया यह विशेष पैकेज 25 से 27 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। विश्व पर्यटन दिवस को ध्यान में रखते हुए इस पैकेज पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी गई है।

इस नए पैकेज के माध्यम से पर्यटकों को बाबा नीब करौरी के जीवन से जुड़े उत्तर प्रदेश के एक कम चर्चित पहलू को जानने का अवसर मिलेगा। नीब करौरी बाबा का जन्म फिरोजाबाद जिले के अकबरपुर गांव में हुआ था और उन्होंने उत्तर प्रदेश के वृंदावन में समाधि ली थी। पर्यटन विभाग अकबरपुर गांव को राज्य के आध्यात्मिक पर्यटन ‘नीब करौरी बाबा’ सर्किट के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में विकसित कर रहा है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जारी बयान में बताया कि, “विश्व पर्यटन दिवस उत्तर प्रदेश के विविध पर्यटन अनुभवों को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर है। नीब करौरी बाबा के जीवन और विरासत में बढ़ती रुचि आध्यात्मिक पर्यटन के माध्यम से पर्यटकों को कम चर्चित स्थलों से जोड़ने की संभावनाओं को उजागर करती है। इस विशेष पैकेज के माध्यम से हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक यात्री उत्तर प्रदेश में बाबा से जुड़े स्थलों की यात्रा करें।”

विश्व पर्यटन दिवस के लिए विशेष रूप से शुरू किए गए इस पैकेज की कीमत 8,500 रुपये निर्धारित की गई है। सामान्य कीमत 16,500 रुपये के मुकाबले पर्यटकों को इस विशेष अवसर पर लगभग 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह विशेष पैकेज 25 से 27 सितंबर तक उपलब्ध रहेगा।

यात्रा लखनऊ से शुरू होगी। पहले दिन पर्यटक फर्रुखाबाद पहुंचेंगे, जहां वे नीब करौरी बाबा आश्रम जाएंगे और इसके बाद संकिसा के लिए रवाना होंगे। यात्रा कार्यक्रम में अशोक स्तंभ, बौद्ध स्तूप तथा प्राचीन बौद्ध अवशेष और मठों का भ्रमण भी शामिल हैं। दूसरे दिन यात्री फिरोजाबाद स्थित अकबरपुर गांव जाएंगे, जो नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली है। इसके बाद वे मथुरा और वृंदावन के लिए रवाना होंगे। मथुरा के यात्रा कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर शामिल हैं, जबकि शाम को वृंदावन में प्रेम मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। अंतिम दिन वृंदावन में बाबा की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान बाबा के समाधि स्थल के साथ बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर की यात्रा शामिल होगी। इसके बाद पर्यटक लखनऊ लौटेंगे।

तीन दिवसीय पैकेज में डबल शेयरिंग के आधार पर वातानुकूलित आवास, होटल में नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, हाई टी, टूर गाइड की सेवाएं और प्रवेश शुल्क शामिल हैं। पैकेज को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटकों को नीब करौरी बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की आरामदायक और गाइडेड यात्रा का अनुभव मिल सके।

यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात ने कहा कि इस पैकेज के माध्यम से हम इस विश्व पर्यटन दिवस पर यात्रियों को बाबा से जुड़े उनके प्रमुख स्थलों की यात्रा कराने और उनके उत्तर प्रदेश कनेक्शन से परिचित कराने का प्रयास कर रहे हैं।”

इच्छुक यात्री 91490 99890 या 83030 19844 पर संपर्क करके पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग की जानकारी upstdc.co.in पर भी उपलब्ध है, जबकि किसी भी जानकारी या सवाल के लिए uptourslko@upstdc.co.in पर संपर्क किया जा सकता है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button