पंजाबराज्य

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कैडेटों की प्रशंसा , उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशिक्षण की कामना की

चंडीगढ़/मोहाली, 16 जुलाई:

महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, एस.ए.एस. नगर के 25 कैडेटों का पिछले तीन महीनों के दौरान भारतीय रक्षा सेवाओं की विभिन्न स्नातक (अंडरग्रेजुएट) एवं प्री-कमीशन प्रशिक्षण अकादमियों में चयन हुआ है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के कार्यकाल में इस संस्थान के कुल 175 कैडेट देश की प्रतिष्ठित रक्षा प्रशिक्षण अकादमियों में चयनित हो चुके हैं।

इन कैडेटों ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए), वायु सेना अकादमी (एएफए) तथा ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) सहित देश की प्रमुख रक्षा संस्थाओं में प्रवेश प्राप्त किया है।

संस्थान के 16 कैडेट राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला में एनडीए-156 पाठ्यक्रम के लिए चयनित हुए हैं। इनमें मोहाली के अभिष, अगमजीत विर्क, भुवन धीमान और विशेष करदवाल; मलेरकोटला के गुरकर्णजीत सिंह; गुरदासपुर के परमजोत सिंह और राजपाल सिंह; बठिंडा के गुनताज़ सचदेवा; अमृतसर के एकनूर सिंह और लविश; पठानकोट के सुखमनजीत सिंह मान; बरनाला के चन्नप्रीत सिंह सिद्धू; फरीदकोट के अरमान शर्मा; रूपनगर के हर्षवीर सिंह; पटियाला के दीपइंदर सिंह तथा होशियारपुर के जसजोत सिंह शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त होशियारपुर के अभय प्रताप सिंह ढिल्लों का भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए), एझिमाला में चयन हुआ है। गुरदासपुर के मननूरप्रीत सिंह, पठानकोट के संकेत तथा जालंधर के समर्थ सिंह ढिल्लों का टीईएस-55 पाठ्यक्रम के अंतर्गत मिलिट्री कॉलेज ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिकंदराबाद तथा मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, महू में प्रवेश हुआ है।

इसी प्रकार इशप्रीत सिंह ढिल्लों ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), चेन्नई में प्रवेश लिया है। लुधियाना के मनवीर सिंह बेदी ने भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए), एझिमाला में एनओसी (एक्सटेंशन) पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश प्राप्त किया है, जबकि पठानकोट के जसनूर सिंह ने वायु सेना अकादमी (एएफए), डुंडीगल में प्रवेश लिया है।

रूपनगर के सुखराज सिंह हीरा तथा श्री फतेहगढ़ साहिब के जगबीर सिंह भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में प्रशिक्षण के लिए चयनित हुए हैं।

इन कैडेटों को बधाई देते हुए पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी चयनित कैडेटों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए देश की निष्ठापूर्वक सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने बताया कि वर्तमान में संस्थान के 25 अन्य कैडेट एसएसबी साक्षात्कार और चिकित्सीय परीक्षण की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान सशस्त्र बलों के लिए उत्कृष्ट अधिकारियों को तैयार करने वाली अग्रणी संस्था के रूप में अपनी पहचान लगातार मजबूत कर रहा है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button