देवरिया की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा बनीं हापुड़ की सीडीओ, शासन ने सौंपी विकास की कमान
यूपीएससी 2021 की टॉपर और सेंट स्टीफंस की पूर्व छात्रा श्रुति शर्मा के अनुभव से जिले को मिली थी नई गति

गौरव कुशवाहा/देवरिया – उत्तर प्रदेश शासन द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के बड़े स्तर पर किए गए तबादलों के क्रम में जनपद देवरिया में तैनात ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा को पदोन्नत करते हुए हापुड़ का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वर्ष 2022 बैच की तेजतर्रार आईएएस अधिकारी श्रुति शर्मा ने देवरिया में लगभग 19 महीनों तक अपनी सेवाएं दीं, जहाँ उनके कार्यकाल को प्रभावी प्रशासनिक शैली और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जाना गया।
मूल रूप से बिजनौर जनपद के धामपुर की रहने वाली श्रुति शर्मा का शैक्षणिक रिकॉर्ड अत्यंत मेधावी रहा है। दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास में स्नातक और जेएनयू से उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली श्रुति ने यूपीएससी 2021 की परीक्षा में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। जिले में 30 अगस्त 2024 को कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सदर एसडीएम के रूप में कई महत्वपूर्ण राजस्व और विकास संबंधी कार्यों को गति प्रदान की। उनके कार्यकाल के दौरान सदर तहसील में पारदर्शी कार्यप्रणाली और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई चर्चा में रही।
वर्तमान में अवकाश पर चल रही श्रुति शर्मा के नए कार्यक्षेत्र हापुड़ में उनकी भूमिका विकास कार्यों की निगरानी और सरकारी योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन को लेकर काफी अहम होगी। देवरिया में उनके कार्यकाल के दौरान सहयोगियों और कर्मचारियों के बीच उनकी छवि एक गंभीर और कार्य के प्रति समर्पित अधिकारी की रही है। उनके स्थानांतरण की खबर के साथ ही जिले के प्रशासनिक गलियारों में उनके द्वारा किए गए सुधारों की चर्चा हो रही है।
श्रुति शर्मा ने यूपीएससी की तैयारी के दौरान सीमित संसाधनों और सेल्फ स्टडी के जरिए जो मुकाम हासिल किया था, उसकी झलक उनके देवरिया कार्यकाल के कार्य व्यवहार में भी देखने को मिली। अब हापुड़ में सीडीओ के रूप में उनके पास जिले के ग्रामीण विकास, पंचायती राज और समाज कल्याण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को नई दिशा देने की जिम्मेदारी होगी। शासन ने उनकी कार्यक्षमता और ऊर्जा को देखते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण पद पर नई तैनाती दी है।



