मान सरकार हिमाचल की कांग्रेस सरकार के चंडीगढ़ पर दावों को पूरी तरह से खारिज करती है: मलविंदर सिंह कंग
पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ पर हिमाचल की कांग्रेस सरकार का दावा बेतुका और साजिश भरा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार इस तथाकथित दावे को सिरे से खारिज करती है। हम पंजाब के अधिकारों पर हमला करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के कार्यालय से जारी एक बयान में आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार द्वारा चंडीगढ़ पर किए जा रहे दावे को पूरी तरह खारिज किया और कहा कि चंडीगढ़ पर सिर्फ पंजाब का हक है। चंडीगढ़ को पंजाब के गांवों को उजाड़कर बसाया गया है, लेकिन दुर्भाग्य से साठ के दशक में जब तत्कालीन केंद्र की कांग्रेस सरकार ने पंजाब के साथ धोखा किया तो उसने चंडीगढ़ पर हरियाणा का हक जताकर पंजाब को धोखा दिया।
कंग ने हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी और पंजाब में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा से सवाल किया कि क्या वह भी हिमाचल कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे इन अपराधों में शामिल हैं। क्या प्रताप बाजवा इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करेंगे?
कंग ने बीजेपी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि इन दोनों पार्टियों ने हमेशा पंजाब के हकों पर डाका डालने की कोशिश की है। लेकिन मान सरकार किसी को भी पंजाब पर बुरी नज़र डालने की इजाज़त नहीं देगी। हम पंजाबियों को विश्वास दिलाते हैं कि आम आदमी पार्टी और मान सरकार हमेशा पंजाब के हितों की रक्षा करेगी।