उत्तर प्रदेशगोरखपुर

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 82 लाभार्थियों को मिला लैपटॉप,मेधावी छात्राओं को प्राप्त हुआ प्रोत्साहन पुरस्कार राशि का चेक

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की संवेदनशील सरकार सबका संबल बन रही है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान सरकार की इसी संवेदनशीलता के प्रयास हैं।

सीएम योगी सोमवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 82 लाभार्थियों को लैपटॉप गिफ्ट करने, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार राशि का चेक और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 20 महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित करने के समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता पिता दोनों या इनमें से किसी एक को खोया था या कोरोना काल में जो बच्चे किसी अन्य बीमारियों से निराश्रित हुए थे, उन सभी के लिए पीएम मोदी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शुरू की। योजना के तहत ऐसे बच्चों को प्रतिमाह 4000 रुपये छात्रवृत्ति स्वरूप दिए जा रहे हैं।

जबकि राज्य में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत चयनित बच्चों को प्रतिमाह 2500 रुपये दिए जा रहे हैं जिनके माता- पिता दोनों या किसी एक की मृत्यु कोरोना काल में किसी अन्य कारणों से हुई। इसी योजना में 9वीं या इससे ऊपर की कक्षाओं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

सीएम योगी ने कहा कि कोरोना ने पूरी दुनिया में बड़ी तबाही मचाई थी। कोई ऐसा देश नहीं जहां बड़ी संख्या में मौतें न हुई हों। इस संकट की परिस्थिति में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत ने पीएम मोदी के नेतृत्व में कोरोना प्रबंधन का बेहतरीन मॉडल पेश किया। फ्री टेस्ट, फ्री उपचार, फ्री वैक्सीन और फ्री राशन की व्यवस्था की गई। आज भी देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज मुफ्त दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना प्रबंधन के दौरान अनेक नवाचार भी हुए। पहले लॉकडाउन फिर जहां बीमार-वहीं उपचार के साथ ही भरण पोषण भत्ता देने की व्यवस्था बनाई गई कोरोना से जो बच्चे निराश्रित हुए, उनकी परवरिश का बड़ा प्रश्न था। इसके लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की शुरुआत की गई। आज हर तीसरे माह बच्चों के भरण पोषण व पढ़ाई के लिए धनराशि खातों में पहुंच जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर में 603 बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और 218 को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) का लाभ मिल रहा है। 2021-22 में 115 बच्चों को लैपटॉप दिया गया था, आज 82 बच्चों को लैपटॉप प्राप्त हो रहा है। सीएम योगी ने कहा लैपटॉप मिलना डिजिटल दुनिया से संवाद बनाने का अच्छा अवसर है।

उन्होंने बच्चों को डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ने की नसीहत देते हुए कहा कि दुनिया ज्ञान का अथाह भंडार है। इससे तारतम्य स्थापित कर लिया जाए तो कुछ भी असंभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पीएम मोदी का मंत्र है। इसी के तहत आज उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों, संस्थाओं और महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

गांव गांव में खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं ताकि बेटियां भी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनें। इसमें महिला मंगल दल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार हर ग्राम पंचायत को स्पोर्ट्स किट देगी। आज 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10-10 बालिकाओं को पांच-पांच हजार रुपये, 12वीं की जिला टॉपर को 20 हजार, कक्षा 5-6 में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले चार शिक्षण संस्थाओं को 10-10 हजार, कक्षा 8-9 में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले चार संस्थाओं को 15-15 हजार तथा 10वीं-11वीं में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले तीन संस्थाओं को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन धनराशि दी जा रही है।

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरण के दौरान सीएम योगी ने एक अभिभावक की तरह उनसे आत्मीय संवाद किया। पूछा, कोई दिक्कत तो नहीं। छात्रवृत्ति का पैसा मिलने में कोई समस्या तो नहीं आ रही। पढ़ाई कैसी चल रही है। बच्चों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि खूब पढ़िए और आगे बढिए। सरकार हर वक्त आपके साथ खड़ी है। उन्होंने अपने हाथों से 10 बच्चों को लैपटॉप, दो को प्रमाण पत्र, दो महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा। सभी को मिष्ठान भी दिया गया।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button