यूपी के कानपुर में सामने आया ‘लव जिहाद’ का मामला, दो हिंदू महिलाओं के शादी की

उत्तर प्रदेश के कानपुर से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। पनकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने हिंदू बनकर न सिर्फ दो महिलाओं की जिंदगी बर्बाद की, बल्कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया। पहचान छिपाकर शादी, घरेलू हिंसा और बंधक बनाने के इस खौफनाक खेल का खुलासा तब हुआ, जब हिंदू संगठन की मदद से पुलिस ने रतनपुर के एक अपार्टमेंट में छापेमारी की।
कानपुर का पनकी थाना क्षेत्र उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब रतनपुर स्थित कामदगिरि अपार्टमेंट से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। पुलिस की गिरफ्त में खड़ा यह आरोपी मुस्लिम समुदाय का है, जिसने खुद की पहचान छिपाकर दो हिंदू महिलाओं को अपने जाल में फंसाया।
सिलसिला शुरू हुआ था 8 साल पहले
आरोपी ने अपना नाम बदलकर पहली पीड़िता से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की। शादी के बाद वह पीड़िता को लेकर लखनऊ चला गया। कुछ समय बाद जब पीड़िता के सामने उसकी असली मजहबी पहचान आई, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी ने महिला पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब भी पीड़िता इसका विरोध करती, उसे बेरहमी से पीटा जाता और प्रताड़ित किया जाता था।
दरिंदगी और धोखे का यह खेल यहीं नहीं रुका
बीते दिनों आरोपी पीड़िता और बच्चे को लेकर वापस कानपुर आ गया। यहां आकर उसने एक और घिनौनी साजिश रची और अपनी पहचान छुपाकर एक दूसरी हिंदू महिला को भी अपनी हवस और धोखे का शिकार बना लिया। आरोपी ने दूसरी महिला से भी शादी कर ली और दोनों महिलाओं तथा बच्चे को कामदगिरि अपार्टमेंट में जबरन बंधक बनाकर रखने लगा। इस बात की भनक जब हिंदू संगठन बजरंग दल को लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपार्टमेंट में छापेमारी की और बंधक बनी महिलाओं और बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने जारी किया बयान
इस मामले में एसीपी पनकी- अमित चौरसिया ने कहा- ”हमें हिंदू संगठन और पीड़िता के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी पहचान छुपाकर महिलाओं को बंधक बनाए हुए है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को रेस्क्यू किया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पहली महिला के बयानों के आधार पर धर्म परिवर्तन के दबाव, घरेलू हिंसा और धोखाधड़ी की धाराओं में जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी महिला से भी पूछताछ जारी है, जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
नरेश तोमर, महानगर प्रभारी, बजरंग दल ने कहा- ”यह सीधे तौर पर लव जिहाद और हमारी बहनों के साथ क्रूरता का मामला है। आरोपी ने 8 साल तक पहचान छिपाई, मारपीट की और फिर दूसरी हिंदू बेटी को फंसाया। बजरंग दल ऐसी मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेगा। हमने पुलिस को सूचना देकर बहनों को मुक्त कराया है। हम आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग करते हैं।”
आरोपी से पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी पति और दूसरी महिला से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सारे तथ्यों की कड़ाई से पुष्टि हो पाएगी, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पहचान छिपाकर की जाने वाली शादियों और धर्म परिवर्तन के सिंडिकेट पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।



