अयोध्या: भीषण जाम से जूझती राम नगरी में ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त
अयोध्या। भीषण जाम से जूझ रही रामनगरी अयोध्या में यातायात व्यवस्था फेल हो गई है। हनुमानगढ़ी से लेकर नयाघाट तक वाहनों का भीषण जाम लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। लेकिन इससे राहत पाने के लिए प्रशासन के स्तर से कोई ठोस उपाय नहीं दिखता है। अधिकारियों की माने तो पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है लेकिन अभी कुछ समय लगेगा।
दरअसल अयोध्या में आने वाले यात्रियों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। इन दिनों मुंडन संस्कार, विवाह मुहूर्त सहित अन्य प्रमुख आयोजन के लिए फागुन माह बहुत ही अच्छा माना जाता है। इसको लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या में मंदिरों में दर्शन पूजन और मुंडन संस्कार कराने के लिए पहुंच रहे हैं।
सीओ ट्राफिक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि अयोध्या में राम पथ निर्माण कार्य चल रहा है। सभी रूट डिस्टर्ब हैं, तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही है। तो स्वाभाविक है कि कुछ दिक्कतें आएंगी। अयोध्या में जाम नहीं बल्कि ट्राफिक स्लो है। तो वही कहा कि अयोध्या में वाहन प्रतिबंधित किया गया है। बिना पास के अयोध्या में प्रवेश नहीं मिल रहा है स्थानीय लोग ही वाहनों को अयोध्या के अंदर ला रहे हैं।