उत्तर प्रदेशलखनऊ

सीएम योगी ने ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला’ योजना के लाभार्थियों से संवाद किया

रक्षा बंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की बेटियों को बड़ी सौगात दी है। बुधवार को लोकभवन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला’ योजना के लाभार्थियों से संवाद के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने इस योजना की धनराशि में बढ़ोतरी की घोषणा की है। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार वित्तीय वर्ष 2024-2025 से कन्या सुमंगला योजना की धनराशि को 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार करने जा रही है। इससे प्रदेश की बेटियों को अपने सपने को पूरा करने में और सुलभता होगी। साथ वह शिक्षित होने के साथ ही आत्मनिर्भर भी बन सकेंगी।

कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि पहले इस योजना के अंतर्गत छह चरणों में 15 हजार की धनराशि का पैकेज दिया जाता था। अगले साल से बेटी के जन्म लेती ही उसके अभिभावक के खाते में 5 हजार धनराशि हस्तांतरित कर दी जाएगी। इसी तरह जब बेटी एक वर्ष की होगी तो दो हजार रुपए, बेटी के पहली क्लास में जाते ही तीन हजार,छठी क्लास में प्रवेश लेने पर तीन हजार, नवीं क्लास में जाने पर पांच हजार और अगर बेटी स्नातक या डिप्लोमा या सर्टिफिकेट का कोई कोर्स करेगी तो उसके खाते में सात हजार रुपए की धनराशि हस्तांतरित करेंगे। सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से 1624000 हजार बेटियां लाभान्वित हो रही हैं।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के कार्यक्रम को एक नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने की दिशा में आज दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का यह मानना है कि बेटी सिर्फ बेटी है। उसके साथ किसी भी स्तर पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। उसको सुरक्षा, संरक्षण और आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर भी मिलना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की जितनी भी निराश्रित बहनें हैं उन्हें राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना समेत शासन की सभी योजनाओं आच्छादित किया जाएगा

बच्चियों ने सीएम योगी को बांधी राखी

कार्यक्रम में शामिल कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी कुछ बच्चियों ने सीएम योगी के माथे पर तिलक लगाकर उनके हाथ पर राखियां बांधी। वहीं सीएम योगी ने उन्हें उपहार भेंटकर रक्षा का वचन दिया। कार्यक्रम में सीएम योगी ने 29523 लाभार्थी कन्याओं के खातों में एक क्लिक के जरिए 5.82 करोड़ रुपए की धनराशि का हस्तांतरण किया। साथ ही सीएम योगी ने प्रतीक स्वरूप 10 लाभार्थियों कन्याओं और उनके अभिभावकों को योजना का चेक भी वितरित किया।

बेटियों ने कहा- योजना से सपने हो रहे साकार

योजना की लाभार्थी रत्ना मिश्रा ने बताया कि इस योजना के माध्यम से वह पढ़ पा रही हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब वह अपने सपनों को साकार कर पाएंगी, क्योंकि उनके पास प्रदेश बेटियों का ध्यान रखने वाले सीएम योगी हैं।

कक्षा 10वीं की छात्रा अक्षरा कुशवाहा ने बताया कि इस योजना ने उनके जैसी निर्धन कन्याओं के जीवन में बहुत बड़ा परिवर्तन लाया है। इसके जरिए वह पढ़ पा रही हैं और अन्य बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल पा रही हैं। इसके लिए उन्होंने सीएम योगी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

कस्तूरबा कन्या इंटर कॉलेज की छठवीं कक्षा की छात्रा शिवांशी विश्वकर्मा ने सीएम योगी को संस्कृत में अपना परिचय दिया। साथ ही उन्होंने देश भक्ति की भावना से ओत प्रोत संस्कृत का प्रयाण गीतम् पदं पदं प्रवर्धते…सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना का संचार किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से वह पढ़ पाएंगी और टीचर बनने के अपने सपने को पूरा कर पाएंगी। शिवांशी ने योजना के लिए सीएम योगी को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, महिला कल्याण एवं बाल विकास की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button