उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

Deepotsav-2026 : अयोध्या दीपोत्सव में इस बार आसमान में दिखेगी रामायण! 2100 ड्रोन से बनेगा राम दरबार, दिखेगा रावण वध

अयोध्या के दीपोत्सव-2026 में इस बार तकनीक और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। रामनगरी का आसमान प्रभु श्रीराम की गाथा से रोशन होगा। सात और आठ नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य एरियल ड्रोन शो में 2,100 स्वदेश निर्मित ड्रोन के जरिए रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा। करीब 15 मिनट तक चलने वाले इस शो में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की वीर मुद्रा से लेकर रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार तक के अद्भुत दृश्य आसमान में नजर आएंगे।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस शो में ‘मेड इन इंडिया’ तकनीक से तैयार 2,100 ड्रोन एक साथ आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाएंगे। इस दौरान कम से कम 15 अलग-अलग ड्रोन फॉर्मेशन प्रदर्शित किए जाएंगे। खास बात यह है कि आधे से अधिक फॉर्मेशन पिछले साल के शो से अलग और नए होंगे। संगीत, वॉयस ओवर और संगीतमय नैरेशन के जरिए रामायण की कथा को भव्य दृश्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

राम, लक्ष्मण और हनुमान के साथ दिखेगा राम दरबार

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या के दीपोत्सव को हर साल और भव्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस बार ड्रोन शो में रामायण के प्रमुख पात्रों और प्रसंगों को आकर्षक आकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 2,100 ड्रोन से प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार के दृश्य बनाए जाएंगे। इसके साथ ही महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास से जुड़े प्रसंग भी आसमान में नजर आएंगे। राम मंदिर, दीपोत्सव, उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो भी ड्रोन के जरिए प्रदर्शित किए जाएंगे।

500 से बढ़कर 2100 हुए ड्रोन, हर साल बढ़ी भव्यता

दीपोत्सव में ड्रोन शो की लोकप्रियता को देखते हुए पर्यटन विभाग लगातार इसकी भव्यता बढ़ा रहा है। वर्ष 2024 में 500 ड्रोन के साथ एरियल शो आयोजित किया गया था। 2025 में इनकी संख्या बढ़ाकर 1,100 की गई। अब दीपोत्सव-2026 में 2,100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में एक साथ करतब दिखाएंगे। इस बार शो की पटकथा, संगीत, वॉयस ओवर और ड्रोन फॉर्मेशन में भी विशेष बदलाव किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हर बार से अलग अनुभव मिल सके।

तकनीक और परंपरा का दिखेगा अनूठा संगम

अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में तकनीक और परंपरा का अनूठा समन्वय देखने को मिलेगा। स्वदेश निर्मित ड्रोन के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को आसमान में जीवंत करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि नए फॉर्मेशन, संगीत, वॉयस ओवर और प्रकाश प्रभावों से शो को पहले से अधिक आकर्षक बनाया गया है। विभाग का प्रयास है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक दीपोत्सव की भव्यता के साथ एक यादगार अनुभव लेकर लौटें।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button