उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

PM Kisan 24th Installment: यूपी के 2.24 करोड़ किसानों के खातों में ₹4482 करोड़ पहुंचे, दीपावली से पहले पीएम मोदी का बड़ा तोहफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 24वीं किस्त जारी कर देशभर के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से ₹18,690 करोड़ से अधिक की राशि भेजी गई। वहीं उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में ₹4,482.19 करोड़ सीधे ट्रांसफर किए गए।
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दीपावली से पहले मिली इस बड़ी सौगात के लिए प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक मजबूती और खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

लखनऊ में हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े राज्य स्तरीय आयोजन का आयोजन राजधानी लखनऊ के तेलीबाग स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में किया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उपस्थित किसानों के साथ वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

इस दौरान कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए फसल अवशेष प्रबंधन (CRM) योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करने वाले लाभार्थी किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टरों की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपी गईं। साथ ही उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से दलहन और तिलहन फसलों के उन्नत बीजों की मिनीकिट का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में किसानों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी गईं।

किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध सरकार: शाही

कृषि मंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत घटाने और कृषि को आधुनिक बनाने के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर वर्ष ₹6,000 की सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है।

श्री शाही ने कहा कि 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से अब तक उत्तर प्रदेश के किसानों को कुल ₹1,07,943.95 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। इससे लाखों किसान परिवारों को खेती-किसानी में आर्थिक संबल मिला है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, प्रमुख सचिव कृषि एम.के. शनमुगा सुंदरम, महानिदेशक (उपकार) संजय सिंह, कृषि निदेशक टी.एम. त्रिपाठी, भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के निदेशक एस.एन. सुशील, उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण संस्था की निदेशक कनीज फातिमा, अपर निदेशक योगेश प्रताप सिंह सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button