देवरिया पुलिस ने लूट की बड़ी वारदात का किया पर्दाफाश, चार अभियुक्त गिरफ्तार, लूट का सामान व बाइक बरामद

गौरव कुशवाहा
देवरिया। जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र में बीते सप्ताह हुई एक महिला से लूट की सनसनीखेज घटना का कोतवाली पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान, नगदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने पुलिस लाइंस स्थित मनोरंजन सभागार में प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि 7 जून को एक महिला, गीता चौहान पत्नी सोनू चौहान, निवासी ग्राम भिटहा थाना मदनपुर, जब ई-रिक्शा से अपनी बहन के घर जा रही थीं, तभी इजहरी चौराहे के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में नकद रुपये, गहने और मोबाइल फोन था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया और स्वयं एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तीन टीमें गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को अमेठी तिराहे के पास से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में आरिफ अंसारी, किशन भारती और देव बासफोर, तथा अभय कुमार शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि अभय कुमार ने लूटे गए सामान को खरीदा था, जिसे पुलिस ने उसके पास से बरामद कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक चमड़े का बैग, दो पीली धातु की झालर लगी रिंग, एक जोड़ी पाजेब और पायल (सफेद धातु), एक मोबाइल फोन, सौंदर्य प्रसाधन का सामान, 350 रुपये नकद और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP52BM5986) बरामद की। बरामद मोटरसाइकिल वही थी जिसका इस्तेमाल लूट की घटना में किया गया था।
एसपी ने बताया कि इस प्रकार थाना कोतवाली पर दर्ज मुकदमा संख्या 608/2025 धारा 304(2) बीएनएस का सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है और इस सफलता में उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, हेड कांस्टेबल रायसाहब वर्मा, कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव, सुनील कुमार यादव और आदित्य पटेल शामिल रहे।



