होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग का मिलावटखोरों पर शिकंजा

- 20 क्विंटल रंगीन कचरी व 720 किलो बेसन जब्त
गौरव कुशवाहा
देवरिया। होली पर्व के मद्देनजर जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी देवरिया के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भटनी बाजार में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कई निर्माण इकाइयों, भंडारण स्थलों और पैकेजिंग केंद्रों पर औचक निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने खोया, पनीर, छेना मिठाई, साबूत हल्दी, मसूर दाल, काली मिर्च और पापड़ सहित कुल सात नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 30 नमूने इकट्ठा किए जा चुके हैं। इनमें खोया, दूध, बेसन, रंगीन कचरी, दालचीनी, किशमिश, जीरा, रस्क और अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा टीम ने कार्रवाई के दौरान 20 क्विंटल रंगीन कचरी और 720 किलोग्राम संदिग्ध बेसन को जब्त किया है। इन उत्पादों के संदिग्ध पाए जाने पर अधिकारियों ने संबंधित विक्रेताओं और संचालकों को चेतावनी दी कि जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई करने वाली टीम में प्रेमचंद्र, राम यादव, घनश्याम वर्मा, राजू पाल, मानवेन्द्र कुमार और नेहा त्रिपाठी शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के मौके पर आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



