होली और रमजान के मद्देनज़र पुलिस-प्रशासन ने किया फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

हमारी प्राथमिकता है कि हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
—अंशुमान श्रीवास्तव,सीओ, रुद्रपुर
गौरव कुशवाहा
देवरिया। आगामी त्योहारों होली और रमजान को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर सोमवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देश पर उप जिला मजिस्ट्रेट रुद्रपुर हरिशंकर लाल व क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर अंशुमान श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना मदनपुर, रुद्रपुर और एकौना पुलिस बल ने मदनपुर कस्बे के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन चलाया।
एसडीएम हरिशंकर लाल व सीओ अंशुमान श्रीवास्तव की अगुवाई में प्रभारी निरीक्षक मदनपुर विनोद कुमार सिंह, थानाध्यक्ष रुद्रपुर रतन कुमार पाण्डेय और थानाध्यक्ष एकौना अभिषेक कुमार राय अपनी-अपनी टीम के साथ मदनपुर कस्बे के बरांव चौराहा, करायल शुक्ल सहित विभिन्न टोलों व मोहल्लों में पैदल मार्च करते नजर आए। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों का गहन निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। संकरी गलियों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी गई।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और त्योहार आयोजकों से सीधा संवाद स्थापित किया और शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही, ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के आदेशानुसार जिले में लगातार संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है ताकि कोई भी अप्रिय घटना न होने पाए और दोनों त्योहार शांति व उल्लास से सम्पन्न हों।



