उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

जनता ने चुना विकास, सुरक्षा और सुशासन…, बोले सीएम योगी- पांच राज्यों के चुनाव नतीजों ने राष्ट्रवाद की राजनीति को दी मजबूती

सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव नतीजों ने राष्ट्रवाद की राजनीति को मजबूती दी है। देवबंद में आयोजित एक भव्य समारोह में योगी ने 2131 करोड़ रुपये की लागत वाली 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की नई पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था और समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होने जनता से अपील की कि प्रदेश में बने विकास, सुरक्षा और सुशासन के माहौल को बनाए रखने के लिए आगामी चुनावों में भाजपा के जनप्रतिनिधियों को समर्थन दें।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बिना भेदभाव के सुशासन प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा से इतर कई राजनीतिक दल जातिवाद और परिवारवाद को बढ़ावा देते हैं तथा राष्ट्रवाद और सनातन संस्कृति की अनदेखी करते हैं। उन्होंने हालिया विधानसभा चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के नतीजों ने राष्ट्रवाद की राजनीति को मजबूती दी है। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पूर्व स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2013-14 और 2015-16 के दौरान क्षेत्र दंगे, कर्फ्यू और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा था, जबकि आज यहां शांति, विकास, निवेश, व्यापारिक सुरक्षा और शिक्षा-स्वास्थ्य का वातावरण बना है।

मुख्यमंत्री ने सहारनपुर के वुड कार्विंग उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि इस उद्योग ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून छह लेन एक्सप्रेस-वे, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सरसावा एयरपोर्ट, बेहट स्पोर्ट्स कॉलेज तथा शाकुंभरी देवी मंदिर कॉरिडोर जैसी कई बड़ी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। देवबंद का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय यह क्षेत्र फतवों के लिए चर्चा में रहता था, लेकिन अब विकास की नई पहचान बन रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पिछड़ों और वंचितों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है तथा प्रदेश ‘तुष्टिकरण’ नहीं बल्कि ‘संतुष्टिकरण’ के मार्ग पर चल रहा है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों और तबादलों में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है तथा भ्रष्टाचार और भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब माफिया, गुंडागर्दी और कर्फ्यू से मुक्त हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का शोषण और व्यापारियों का अपहरण अब अतीत की बात हो चुकी है। उन्होंने राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों को लेकर भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनव सिंह ने मुख्यमंत्री को नटराज की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री को शाल और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री जसवंत सैनी, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री बृजेश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, मेयर अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, विधायक मुकेश चौधरी, राजीव गुंबर, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का यह देवबंद का तीसरा दौरा था। वह करीब दो घंटे तक कार्यक्रम स्थल पर रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button