चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, 20 हजार रुपये के साथ अभियुक्त गिरफ्तार

गौरव कुशवाहा
देवरिया। जनपद के थाना सुरौली क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए घटना में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी की नगदी भी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना सुरौली क्षेत्र के उसरा बाजार निवासी पंकज यादव ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से नगदी चोरी हो गई है। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा अपराध संख्या 48/2025 धारा 305(क), 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी बरहज के पर्यवेक्षण में सुरौली थाना प्रभारी की टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति उसरा पुल के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त अर्जुन यादव पुत्र हरिश्चन्द्र, निवासी कोईलगढ़हा, थाना सुरौली को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की रकम 20,200 रुपये नगद बरामद की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। फिलहाल अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में सुरौली थाने के उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह पटेल, कांस्टेबल रामप्रवेश सिंह और कांस्टेबल मदन कुमार की अहम भूमिका रही।



