अयोध्या: पंजीकरण के बावजूद जांच के लिए भटक रही गर्भवती महिलाएं

मिल्कीपुर/अयोध्या। केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान योजना जनपद में लापरवाही की भेंट चढ़ गई है। योजना के तहत पंजीकृत गर्भवती महिलाएं जांच, उपचार, पोषण और परिवार नियोजन की सलाह के लिए भटकने को मजबूर हैं। महिलाओं का आरोप है कि बीते एक सप्ताह से इलाज के लिए अस्पताल का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उन्हें को सुविधा नहीं मिल रही है।
मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर का है, जहां प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 17 अप्रैल को सीएचसी पर आई लगभग 12 गर्भवती महिलाओं के निशुल्क जांच व उपचार के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया था लेकिन अभी तक उन्हें जांच व उपचार की सुविधा नहीं मिल सकी है। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि बीते एक सप्ताह से वह सीएचसी मिल्कीपुर तथा योजना से संबद्ध पैथोलॉजी का चक्कर लगा रही है लेकिन कोई सुविधा नहीं मिल रही है, अस्पताल में भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक राम प्रकाश पटेल ने बताया की पूरे जिले में 17 अप्रैल को महिलाओं की जांच व उपचार हेतु होने वाली ऑनलाइन किसी का भी क्यूआर कोड नहीं बना है। एनएचएम में आई ए बैंकिंग सिस्टम चलता है जो 31 मार्च को सारे पैसे स्टेट से शून्य कर दिए जाते हैं। पैसा शाम 4 बजे के बाद आया है इसीलिए किसी महिला का कोड जनरेट नहीं हुआ। आगामी 24 अप्रैल को सभी का कोड जनरेट कर दिया जाएगा।



