देवरिया पुलिस के सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल, रक्तदान एवं नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

- एसपी विक्रान्त वीर ने दी सेवा की मिसाल, स्वयं किया रक्तदान
गौरव कुशवाहा
देवरिया। जनपद पुलिस ने समाजहित में एक नई मिसाल पेश करते हुए रविवार को पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में विशाल नि:शुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस आयोजन की अगुवाई स्वयं पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने की, जिन्होंने रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आमजन ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर में नाहिद स्टार चैरिटेबल ब्लड बैंक की देखरेख में रक्तदान कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर अंशुमान श्रीवास्तव और जिला वन अधिकारी कशला राजू समेत कुल 31 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया।

चिकित्सा शिविर में जिले के नामचीन चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया। शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. दाऊद अंसारी और डॉ. ओमकार मिश्र, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद त्रिपाठी व डॉ. स्तुति मिश्रा, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा चौधरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका राय और डॉ. टी. फातिमा, सर्जन डॉ. पी. एन. कुशवाहा, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतिश राय, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. शमशाद अली, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नवेंदु राय व डॉ. श्रीकांत सिंह, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अशफाक आलम, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. इरशाद आलम और मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर में पहुंचे मरीजों को नि:शुल्क बीएमडी टेस्ट, पीएफटी टेस्ट, एचबीए1सी, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड और थायराइड की जांच की सुविधाएं भी प्रदान की गईं। इसके साथ ही सीपीआर की महत्ता को लेकर डॉ. दाऊद अंसारी और डॉ. ओमकार मिश्र ने जागरूकता सत्र आयोजित किया और उपस्थित लोगों को जीवन रक्षक तकनीक की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने सभी चिकित्सकों और रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, देवरिया पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि समाज सेवा में भी बढ़-चढ़कर योगदान देना हमारा दायित्व है। उन्होंने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले पुलिस लाइन स्टाफ और अन्य अधिकारियों की सराहना की।



