निरीक्षक उपनिरीक्षक व मुख्य आरक्षी बने 26 पुलिसकर्मी, एसपी विक्रांत वीर ने कंधो पर लगाए स्टार

- निरीक्षक बने महुआडीह थाना प्रभारी अनिल कुमार
गौरव कुशवाहा
देवरिया। जनपद पुलिस बल में पदोन्नति की सौगात मिलने पर पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने निरीक्षक, उपनिरीक्षक और मुख्य आरक्षी पद पर पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कंधों पर स्टार लगाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसपी ने मिठाई खिलाकर सभी को शुभकामनाएं दी और नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने की प्रेरणा दी।
पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने थाना महुआडीह के प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किए जाने के बाद उनके कंधों पर स्टार लगाया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में जनपद में नियुक्त चार मुख्य आरक्षियों आनंद कुमार मिश्रा थाना गौरीबाजार, नंदलाल यादव थाना मईल, मनोज कुमार सिंह थाना खुखुंदू और रामबचन थाना सलेमपुर को उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके कंधों पर भी स्टार लगाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाई।

इसके अलावा पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने जनपद के विभिन्न थानों और इकाइयों में तैनात 21 आरक्षियों को मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति दिए जाने की घोषणा की और सभी को बधाई दी। इन नवपदोन्नत मुख्य आरक्षियों में मन्सोक कुमार थाना बरहज, महेश कुमार भारती यूपी-112, अर्चना यादव न्यायालय सुरक्षा, आफरीन खातून थाना सलेमपुर, बालेन्द्र कुमार यातायात शाखा, अमरदीप कुमार गोपनीय कार्यालय, संतोष कुमार यूपी-112, अनिल कुमार पुलिस लाइन, ओमकेश सरोज थाना लार, दीपक कुमार नायक थाना गौरीबाजार, राम प्यारे खरवार एएस चेक टीक, सत्येंद्र खरवार थाना भाटपाररानी, इंदू थाना भटनी, मदन कुमार यूपी-112, मीरा चौधरी न्यायालय सुरक्षा, राजेश कुमार यूपी-112, प्रशांत कुमार यूपी-112, कमलेश कुमार यादव फॉरेंसिक टीम, सुभाष नायक थाना बरियारपुर, रवी प्रताप सिंह थाना खुखुंदू और मंजू देवी थाना बरियारपुर शामिल हैं।
एसपी विक्रान्त वीर ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा भाव की कसौटी है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी नवपदोन्नत अधिकारी और कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समयबद्ध तरीके से करें, ताकि जनपद की कानून-व्यवस्था और मजबूत हो सके।
पदोन्नति पाकर सभी जवानों के चेहरे पर प्रसन्नता और गर्व देखने को मिला। एसपी विक्रान्त वीर ने कहा कि पुलिस बल समाज की सुरक्षा का मजबूत आधार है और पुलिसकर्मियों की मेहनत और समर्पण को यह पदोन्नति सम्मान स्वरूप मिली है। उन्होंने आशा जताई कि सभी नवपदोन्नत कर्मी जनता की सेवा और कानून-व्यवस्था की मजबूती में अहम भूमिका निभाएंगे।



