UP में नौकरी के नए असवर : सुल्तानपुर-अमेठी समेत 14 जिलों में खुलेंगे नए नर्सिंग कॉलेज, UP में बढ़ेंगी 840 BSc Nursing सीटें

उत्तर प्रदेश में नर्सिंग शिक्षा को विस्तार देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। शासन ने सुल्तानपुर, अमेठी समेत 14 जिलों में नए राजकीय नर्सिंग कॉलेज खोलने को मंजूरी दी है। इन कॉलेजों का संचालन संबंधित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों में किया जाएगा। प्रत्येक कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की 60 सीटें होंगी। इस तरह सरकारी क्षेत्र में कुल 840 नई बीएससी नर्सिंग सीटें बढ़ेंगी।
2027-28 से शुरू होगी पढ़ाई
नए राजकीय नर्सिंग कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2027-28 से बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने नर्सिंग शिक्षा के विस्तार के लिए हर जिले में नर्सिंग कॉलेज उपलब्ध कराने की रणनीति पर काम शुरू किया है। नए कॉलेजों के जरिए सरकारी संस्थानों में नर्सिंग की पढ़ाई के अवसर बढ़ेंगे।
इन 14 जिलों में खुलेंगे नए नर्सिंग कॉलेज
शासन की मंजूरी के अनुसार मिर्जापुर, हरदोई, प्रतापगढ़, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, अमेठी, सुल्तानपुर, एटा, गाजीपुर, सोनभद्र, कौशांबी, ललितपुर, लखीमपुर खीरी और बिजनौर में नए राजकीय नर्सिंग कॉलेज खोले जाएंगे।
स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालयों में होगा संचालन
नए नर्सिंग कॉलेजों के संचालन की जिम्मेदारी संबंधित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सौंपी जाएगी। शासन की ओर से प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम शुरू करने से पहले संबंधित नियामक संस्थाओं के आदेश, दिशा-निर्देश और निर्धारित मानकों का अध्ययन किया जाए और उनका पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
अभी सरकारी क्षेत्र में करीब 1400 सीटें
मौजूदा व्यवस्था के तहत प्रदेश के 23 सरकारी कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई संचालित हो रही है, जिनमें करीब 1400 सीटें बताई गई हैं। इसके अलावा 235 निजी नर्सिंग कॉलेजों में करीब 11 हजार सीटें हैं। नए 14 सरकारी कॉलेज शुरू होने के बाद सरकारी क्षेत्र में बीएससी नर्सिंग की सीटों में करीब 840 की बढ़ोतरी होगी।सरकार ने अगस्त में नर्सिंग कॉलेजों की संख्या बढ़ाने की योजना तैयार की थी। अब 14 जिलों में नए कॉलेजों को मंजूरी मिलने के बाद अन्य स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालयों में भी नर्सिंग कॉलेज शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी है।



