देवरिया के खुखुन्दू में दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी विनय यादव ने किया आत्मसमर्पण

देवरिया। जिले के खुखुन्दू थाना क्षेत्र के बरवा उपाध्याय गांव में 6 फरवरी 2025 को तेज रफ्तार वाहन चलाने को लेकर हुए विवाद में दिनेश गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में घायल तारकेश्वर गुप्ता ने 12 फरवरी को लखनऊ पीजीआई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी विनय यादव ने पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते रविवार को खुखुन्दू थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।
घटना के बाद से ही पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस की सख्त कार्रवाई और बढ़ते दबाव के कारण मुख्य आरोपी विनय यादव ने थाने में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने विनय यादव को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
इससे पहले, पुलिस ने इस मामले में राम गणेश यादव, मनीष यादव, मुकेश यादव और अनिल यादव को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराधी कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि इस घटना के बाद मृतक दिनेश गुप्ता के परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था।