उत्तर प्रदेशप्रयागराजबड़ी खबरराज्य

फर्श के नीचे गड़े नीले ड्रमों में 500-500 के नोटों के बंडल: प्रयागराज में पुलिस रेड, 5 करोड़ से ज्यादा कैश बरामद

प्रयागराज जिला मुख्यालय से करीब 32 किलोमीटर दूर नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में बुधवार शाम पुलिस ने एक घर पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस कमिश्नर को इनपुट मिला था कि गांव के एक पुश्तैनी मकान में भारी मात्रा में अवैध नकदी जमीन के भीतर छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।

कार्रवाई को पूरी गोपनीयता के साथ अंजाम देने के लिए पुलिस ने सबसे पहले पूरे गांव की बिजली कटवा दी। इसके बाद करीब 40 से अधिक पुलिसकर्मियों ने राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर को चारों तरफ से घेर लिया। घर के अंदर करीब साढ़े चार घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के दौरान जब फर्श की खुदाई कराई गई, तो जमीन के नीचे दबे 3 बड़े ड्रम बरामद हुए।

500-500 के नोटों से भरे थे तीनों ड्रम

पुलिस ने जब उन ड्रमों को खुलवाया, तो अंदर का नजारा देख अधिकारियों के भी होश उड़ गए। तीनों ड्रम 500-500 रुपये की गड्डियों से पूरी तरह ठसाठस भरे हुए थे। शुरुआती गिनती और आकलन में यह रकम 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने मौके पर ही पूरे घर, बाग और आसपास की जमीन को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। आयकर विभाग (IT) की टीम नोट गिनने की मशीनों के साथ मामले की गहराई से जांच कर रही है।

ऐसे खुला करोड़ों की काली कमाई का राज

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य आरोपी राकेश यादव पहले पुणे में किसी सर्राफा व्यापारी के यहां काम करता था। वर्ष 2020 के लॉकडाउन के दौरान वह वापस अपने गांव लौट आया था। इसके बाद से उसकी आर्थिक स्थिति में रातोंरात बड़ा बदलाव आया। उसने देखते ही देखते करीब 22 बीघा जमीन, दो ट्रैक्टर, डीजे, पिकअप और लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से आलीशान मकान बनवा लिया तथा सीमेंट-सरिया का कारोबार शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले राकेश का अपने ही पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद थाने तक पहुंचा और जब पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की, तो उसकी अकूत संपत्ति और अवैध कारोबार के तार जमीन के भीतर गाड़े गए इस खजाने तक जा पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो भाइयों समेत कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button