उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

हर बूथ पर महिला शक्ति की पांच सदस्यीय टीम, चुनावी मोर्चे पर भाजपा महिला मोर्चा का बड़ा शंखनाद

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने काशी क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। बाबतपुर स्थित एक होटल में मंगलवार को आयोजित महिला मोर्चा की क्षेत्रीय बैठक में प्रत्येक बूथ पर पांच महिला कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने, महिला मतदाताओं से निरंतर संपर्क और समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया।

बैठक में बूथ प्रबंधन, महिला संवाद और संगठनात्मक सक्रियता को चुनावी तैयारी का केंद्र बताया गया। बैठक की मुख्य अतिथि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश की सह प्रभारी डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कार्यकर्ताओं से चुनावी जिम्मेदारियों को पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले संगठन की पहुंच हर घर तक बनाना, महिलाओं के बीच संवाद बनाए रखना और सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना आवश्यक है।

——महिला सुरक्षा को बनाएं प्रमुख मुद्दा, सरकार की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान

डॉ. मेधा कुलकर्णी ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सपा और भाजपा सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। कार्यकर्ताओं को सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और महिलाओं के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचानी होगी। उन्होंने लाभार्थी महिलाओं से संवाद बढ़ाने, उनकी समस्याएं सुनने और सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में आ रही कठिनाइयों को समझने पर भी जोर दिया। बैठक में प्रत्येक बूथ पर पांच महिला कार्यकर्ताओं की टीम गठित करने की रणनीति तय की गई। इनके माध्यम से महिला मतदाताओं से नियमित संपर्क, घर-घर संवाद, लाभार्थियों से बातचीत और स्थानीय महिला समूहों के साथ समन्वय को गति देने की योजना है। साथ ही, विधानसभा स्तर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय ऐसी 50 महिलाओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया, जिनके खातों पर पांच हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

——डॉक्टरों,वकीलों, शिक्षिकाओं से लेकर स्वयं सहायता समूहों तक, हर वर्ग की महिलाओं से जुड़ेगा संगठन

डॉ. कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा का दायरा समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए डॉक्टरों, वकीलों, शिक्षिकाओं, उद्यमियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सरकारी योजनाओं की लाभार्थियों, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और बैंक सखियों से संपर्क कर उनकी सूची तैयार करने पर जोर दिया गया। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। बैठक को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने भी संबोधित किया।

बैठक में महिला मतदाताओं से संपर्क, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया पर सक्रिय महिलाओं की भागीदारी, विभिन्न सामाजिक वर्गों से संवाद तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर एकीकृत रणनीति पर बल दिया गया। इसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ऊषा बाजपेयी, प्रदेश उपाध्यक्ष कृतिका अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा अनीता सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष महिला मोर्चा रानिका जायसवाल,क्षेत्र अध्यक्ष महिला मोर्चा सुनीता सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल, रीता जायसवाल, नम्रता चौरसिया आदि की मौजूदगी रही।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button