ब्रजेश पाठक ने बलरामपुर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को लखनऊ के जिला चिकित्सालय बलरामपुर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। ब्रजेश पाठक सबसे पहले ओपीडी बिल्डिंग पहुंचे। इसके बाद इमर्जेंसी वार्ड पहुंचे। इसकी जानकारी होते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. रमेश गोयल और अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.जीपी गुप्ता तुरंत पहुंचे। इसके बाद उपमुख्यमंत्री वार्ड में भर्ती मरीजों से मिले। अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सेवाओं के बारे में मरीजों से फीडबैक लिया।
ब्रजेश पाठक ने अस्पताल के निदेशक से कहा कि यहां पर आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था ठीक करने और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने को कहा। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ने कोविड के मद्देनजर सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए हैं।