देशबड़ी खबर

‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया’, दिल्ली में महिला समृद्धि योजना की मंजूरी पर बोलीं आतिशी, कांग्रेस का भी सामने आया बयान

नई दिल्लीः दिल्ली में महिला समृद्धि योजना की मंजूरी पर पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी का बड़ा बयान सामने आया है। प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा कि दिल्ली चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की महिलाओं को वादा किया था कि 8 मार्च को उनके खाते में 2500 रुपए आएंगे। ये भी कहा था कि ये मोदी जी की गारंटी है। आज दिल्ली की महिलाएं इंतजार कर रही थीं।

आतिशी ने बीजेपी पर साधा निशाना

आतिशी ने कहा कि बीजेपी ने ये साबित कर दिया कि ये मोदी जी की गारंटी नहीं एक जुमला था। आज दिल्ली की महिलाओं को न तो 2500 रुपए मिले, ना ही रजिस्ट्रेशन मिला। मिला क्या एक 4 सदस्यी कमेटी। यानी खोदा पहाड़ निकली चुहिया। आज दिल्ली सरकार ने पीएम मोदी को झूठा साबित कर दिया है। यह एक शुरुआत है। उनके सभी वादों का यही हाल होगा।

आम आदमी पार्टी बोली- चुनाव के दौरान “नियम और शर्तें” को क्यों नहीं बताया

वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह “दिखावा प्रबंधन” है। उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल घोषणा की है और तारीखों की घोषणा नहीं की है, जबकि उनके पिछले दावों में कहा गया था कि महिलाओं को 8 मार्च तक वित्तीय सहायता मिलेगी। आज कोई तारीख नहीं बताई गई। उन्होंने महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजना पर “नियम और शर्तें” लागू करने के लिए भी दिल्ली में भाजपा सरकार की आलोचना की और कहा कि चुनावों के दौरान यह नहीं बताया गया था।

कांग्रेस का भी सामने आया बयान

दिल्ली सरकार द्वारा महिलाओं को 2500 रुपये देने की ‘महिला समृद्धि योजना’ को मंजूरी दिए जाने पर कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कहा कि आज दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने 5100 करोड़ रुपये की महिला सम्मान योजना की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने गारंटी दी थी कि 8 मार्च को दिल्ली की सभी महिलाओं के खातों में 2500 रुपये जमा किए जाएंगे। अब अगर हम 5100 करोड़ रुपये को 12 से विभाजित करते हैं, तो हर विधानसभा क्षेत्र में मुश्किल से 200-300 महिलाओं को मदद मिलेगी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गारंटी दी थी कि दिल्ली की सभी महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे, लेकिन इस गारंटी के बाद, मुझे लगता है कि केवल 17000 महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिलेगा, जो दिल्ली के लोगों से सरासर झूठ है।

नपुट- एएनआई

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Back to top button