अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मिशन शक्ति फेज-05 के तहत महिला सुरक्षा व जागरूकता अभियान

नमन तुझे है आज की नारी, अब तू नहीं रही बेचारी।
कर सकती है तू सारे काम, आज की नारी तुझे सलाम।
गौरव कुशवाहा
देवरिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देवरिया पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने ‘मिशन शक्ति फेज-05’ एवं ‘शक्ति दीदी अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।
थाना बघौचघाट की मिशन शक्ति दीदी, महिला आरक्षी वंदना यादव ने क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए डायल-112, वुमेन पावर लाइन-1090, हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 जैसी आवश्यक सेवाओं के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।
इसी क्रम में थाना रुद्रपुर की मिशन शक्ति टीम ने श्रीकृष्ण कन्या उच्चतर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थानाध्यक्ष रुद्रपुर, रतन कुमार पांडेय के नेतृत्व में छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सहायता उपलब्ध होने का आश्वासन दिया गया।
जनपद के अन्य सभी थानों की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थलों एवं विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को टेम्पलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिससे वे किसी भी विषम परिस्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।



