जिला एकीकरण समिति की बैठक सम्पन्न, सामाजिक सद्भाव बढ़ाने पर दिया गया जोर

गौरव कुशवाहा
देवरिया। समाज में आपसी एकता, साम्प्रदायिक सौहार्द और सामाजिक समरसता को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन के गांधी सभागार में जिला एकीकरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चन्द्र तिवारी ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित समिति के सदस्य, धर्मगुरु और जनपद के विशिष्ट नागरिक शामिल हुए।
बैठक में सर्वेशनाथ त्रिपाठी एवं समिति के अन्य सदस्यों द्वारा जिला एकीकरण समिति के नवीनीकरण एवं विस्तार का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्ताव पर उपस्थित सदस्यों के बीच विचार-विमर्श हुआ। अध्यक्ष पंडित गिरीश चन्द्र तिवारी ने समिति की अब तक की उपलब्धियों पर संतोष जताते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द और एकता को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी को अपने स्तर से निरंतर प्रयास करते रहना होगा। उन्होंने समिति के उद्देश्यों को भविष्य में और प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प दोहराया।
बैठक के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी धर्मगुरुओं और गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार साझा किए। सभी ने सहमति व्यक्त की कि जनपद में भाईचारे की परंपरा को कायम रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक के अंत में समिति के अध्यक्ष व अन्य सदस्यों ने समस्त प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए औपचारिक रूप से बैठक का समापन किया।
बैठक में भाग लेने वाले प्रमुख व्यक्तियों में विस्मिल्लाह लारी, नूरूर हसन मूनी, कमलेश पाण्डेय, विश्वजीत सिंह सैथवार, शिव कुमारी देवी, बबीता चौहान, प्रभा भारती, अरविन्द्र कुमार, शंकर चौहान, सन्देश यादव, डॉ. शोभा शुक्ला, डॉ. राधेश्याम शुक्ल, डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, सर्वेशनाथ त्रिपाठी, राजन मणि त्रिपाठी, अंजली अरोड़ा, अमित कुमार रजक, सुभाष यादव, मन्टू बाबू जायसवाल, आनंद जायसवाल सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।



