कलेक्ट्रेट में गूंजे बजरंग बली के जयकारे, डीएम दिव्या मित्तल ने विधिवत पूजा कर किया भंडारे का शुभारंभ

- श्रद्धा, सेवा और समरसता के संग आयोजित हुआ बड़े मंगलवार का भंडारा
गौरव कुशवाहा
देवरिया। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता का केंद्र बन गया। परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर आयोजन का शुभारंभ किया और हनुमान जी से जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।
भंडारे में नगर क्षेत्र सहित ग्रामीण अंचलों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान परिसर में ‘जय श्रीराम’ और ‘हनुमान जी की जय’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार राय, कोषाधिकारी अतुल पांडेय, समेत कलेक्ट्रेट के अनेक अधिकारी और कर्मचारी स्वयंसेवकों की भूमिका में नजर आए। सभी ने प्रसाद वितरण और श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय सहभागिता निभाई।
डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारे, सेवा और सहिष्णुता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। यह हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपरा का जीवंत प्रमाण हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवाभावियों का आभार जताया।



