देश

गौरव भाटिया का कांग्रेस पर हमला, राहुल गांधी को बताया ‘भारतीय राजनीति का भस्मासुर’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा दिखाई दे रही है, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस के कुछ नेता केवल आलोचना में व्यस्त रहते हैं।

गौरव भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात और भारत-रूस की मजबूत दोस्ती पूरे विश्व ने देखी। लेकिन, भारत में एक मंडली ऐसी है, जो हमेशा दुख जताती है। राहुल गांधी को भारत की बाहरी छवि दिखाई ही नहीं देती, वे केवल अपनी निजी राजनीति में उलझे रहते हैं।

भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल नहीं होते।

उन्होंने कहा, “चाहे स्वतंत्रता दिवस हो, गणतंत्र दिवस हो या कोई और राष्ट्रीय समारोह, नेता प्रतिपक्ष का न आना दिखाता है कि वह अपरिपक्व और गैर-जिम्मेदार हैं। हाल ही में भारत के नए मुख्य न्यायाधीश का शपथ ग्रहण हुआ, राहुल गांधी को वहां होना चाहिए था। लेकिन, वह नहीं आए।”

भाटिया ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर जॉर्ज सोरोस बुलाएं, तो सुबह 5 बजे भी पहुंच जाएंगे, लेकिन भारत के समारोहों में नहीं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले भी कई विदेशी शख्सियतों से मिलते रहे हैं। वह जून 2024 में बांग्लादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना से, सितंबर 2025 में मॉरीशस के प्रधानमंत्री से और हाल ही में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री से मिले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सारी मुलाकातें होती रहीं, तो कांग्रेस इतना ड्रामा क्यों कर रही है?

भाटिया ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी नेताओं के सामने भारत को बदनाम करते हैं। उन्होंने राफेल मामले का जिक्र करते हुए कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति और वहां की सरकार ने राहुल गांधी के झूठ का खंडन किया था।

गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को भारतीय राजनीति का भस्मासुर बताते हुए कहा, “उन्होंने कांग्रेस को जहां पहुंचा दिया है, सबने देख लिया है। महाराष्ट्र में शरद पवार और उद्धव ठाकरे को नुकसान पहुंचाया। दिल्ली में लोकसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की पार्टी को नुकसान पहुंचाया। बिहार में तेजस्वी यादव की पार्टी को भी नुकसान पहुंचाया।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अब उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

भाटिया ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि धारा 370, पाकिस्तान और चीन के कब्जे वाली जमीन जैसी समस्याएं भी कांग्रेस की पिछली नीतियों की विरासत हैं।

उन्होंने कहा, “यूएमएससी की स्थायी सदस्यता के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने भारत की जगह चीन को बड़ा देश बताया। क्या यह भारत की विदेश नीति को कमजोर करने की कोशिश नहीं है?”

गौरव भाटिया ने तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “इन दलों को हिंदू धर्म से परेशानी है। सुप्रीम कोर्ट में गीता के श्लोक उद्धृत होते हैं, तो इन्हें पेट में दर्द होता है।”

उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में घुसपैठियों को वोट बैंक बनाने की राजनीति हो रही है और हुमायूं कबीर जैसी घटनाओं पर राज्य सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

गौरव भाटिया ने आगे कहा कि हुमायूं कबीर जो भी कर रहे हैं, वह ममता बनर्जी के इशारे पर कर रहे हैं। ममता आगामी चुनाव हार चुकी हैं, वो जानती हैं कि चुनाव जीतने के लिए घुसपैठिए का सहारा लेना होगा और दंगे कराने होंगे, लेकिन वह भ्रम में हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “राहुल गांधी संविधान पढ़ें। अनुच्छेद 35 और यूसीसी पर गलत बयान देने से देश नहीं चलता। शरिया नहीं, संविधान चलता है।” उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक खुद टूट रहा है और इसमें सबसे बड़ा संविधान विरोधी कदम राहुल गांधी ही उठा रहे हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button