
नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 की अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। यह फैसला हालिया भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की रिपोर्ट्स के मद्देनजर लिया गया है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “हाल में चल रहे घटनाक्रमों को देखते हुए BCCI ने फ्रेंचाइजी KKR को बांग्लादेश के उनके एक खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज़ करने का निर्देश दिया है और BCCI ने यह भी कहा है कि अगर वे किसी रिप्लेसमेंट की मांग करते हैं, तो BCCI उस रिप्लेसमेंट की इजाज़त देगा।”
मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने पिछले महीने हुए IPL मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिसके बाद इस साइनिंग पर काफी विवाद हुआ था। कई धार्मिक और राजनीतिक समूहों ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हिंसा की घटनाओं का हवाला देते हुए इसका विरोध किया था।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब IPL 2026 सीजन की तैयारियां जोरों पर हैं। फिलहाल KKR की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।



