बिना लाइसेंस के बेच रहे थे शराब, तीन गिरफ्तार

नए वर्ष पर एक जनवरी को बिना लाइसेंस शराब बेच रहे तीन लोगों को काकोरी, सैरपुर और महिगवां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास नकदी, बीयर की कैन और शराब के पाउच बरामद हुए हैं।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि 1 जनवरी काे गश्त के दौरान आउटर रिंग रोड मोहद्दीनपुर के पास चिलौली अंडरपास बाईपास से एक युवक को पकड़ा गया। आरोपी ने अपना नाम घनश्याम निवासी नरौना गांव बताया। पुलिस ने झोले से पांच कैन व 16 पाउच देसी शराब बरामद की। आरोपी ने बताया कि वह बीयर की कैन अधिक कीमत पर बेचकर अवैध रूप से जीविकोपार्जन कर रहा था।
वहीं, एसओ सैरपुर मनोज कुमार कोरी ने बताया कि एक जनवरी को गिट्टी प्लांट चौराहे पर एक युवक के शराब बेचने की जानकारी मिली थी। पुलिस को युवक के पास एक थैला मिला, जिसमें शराब के पाउच थे। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सैरपुर के टंटापुर निवासी नीरज कुमार यादव बताया। आरोपी ने बताया कि उसने नए वर्ष पर दुकान से 90 रुपये की शराब के पाउच खरीदे थे, जिसे वह 120 में बेच रहा था। आरोपी के पास शराब बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था। उधर, इंस्पेक्टर महिगवां रामकुमार गुप्ता के बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को शराब बेचते हुए महिगवां के विशंभर खेड़ा निवास छोटे लाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 21 पौवा बरामद हुए हैं।



